टीम एबीएन, रांची। झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला बदला रहने वाला है। रांची स्थित मौसम केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 18 मई को राज्य के कई जिलों में गरज के साथ बारिश, तेज हवा और वज्रपात की संभावना है। खासकर दक्षिणी और मध्य झारखंड के इलाकों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने के आसार हैं।
मौसम केंद्र ने खूंटी और गुमला समेत दक्षिणी झारखंड के इलाकों में कहीं-कहीं 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। वही धनबाद, बोकारो, रामगढ़ और लोहरदगा समेत निकटवर्ती मध्य झारखंड के जिलों में भी गरज के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जतायी गयी है।
हालांकि हजारीबाग और कोडरमा समेत उत्तर-पश्चिमी झारखंड के कुछ हिस्सों में मौसम अपोकृत शुष्क रह सकता है। मौसम केंद्र के अनुसार अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
19 मई को उत्तर-पश्चिमी झारखंड को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।
वज्रपात को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। 20 मई को पूर्वी और निकटवर्ती मध्य झारखंड के जिलों में मौसम ज्यादा सक्रिय रह सकता है। कई जगहों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, गर्जन और वज्रपात की संभावना है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse