एबीएन बिजनेस डेस्क। विदेशी संस्थागत निवेशकों की निकासी तथा वैश्विक अनिश्चितता के बीच बृहस्पतिवार को उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में स्थानीय शेयर बाजार में मामूली गिरावट आयी। निवेशकों के सतर्क रुख के चलते सेंसेक्स 114 अंक टूट गया, जबकि निफ्टी लगभग स्थिर रुख के साथ बंद हुआ। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स कारोबार के दौरान ऊपर-नीचे होने के बाद अंत में 114 अंक यानी 0.15 प्रतिशत टूटकर 77,844.52 अंक पर बंद हुआ।
कारोबार के दौरान एक समय यह 78,384.70 अंक के उच्चस्तर तक गया और 77,713.21 अंक के निचले स्तर तक आया। सेंसेक्स में 671.49 अंक का उतार-चढ़ाव देखने को मिला। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 4.30 अंक यानी 0.02 प्रतिशत के मामूली नुकसान के साथ 24,326.65 अंक पर बंद हुआ।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध, संपत्ति प्रबंधन प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने कहा कि भारतीय बाजार पूरे सत्र के दौरान उतार-चढ़ाव में रहा। निफ्टी 24,326 अंक पर स्थिर रहा। विदेशी संस्थागत निवेशकों की निकासी, कच्चे तेल के दाम के 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर बने रहने, रुपये की कमजोरी तथा शांति वार्ता पर ईरान के रुख को लेकर असमंजस के बीच बाजार धारणा प्रभावित हुई।
सेंसेक्स के शेयरों में हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, टाइटन, सन फार्मा और आईटीसी में गिरावट आयी। दूसरी ओर, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एनटीपीसी, कोटक महिंद्रा बैंक और टाटा स्टील के शेयर लाभ में रहे। मझोली कंपनियों से संबंधित बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 1.40 प्रतिशत चढ़ गया, जबकि छोटी कंपनियों से जुड़ा स्मॉलकैप में 1.09 प्रतिशत की बढ़त रही।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शोध अजित मिश्रा ने कहा, बाजार में अमेरिका-ईरान शांति वार्ता, रुपये की स्थिरता, वैश्विक धारणा में सुधार और चुनिंदा शेयरों में लिवाली के चलते आशावाद का रुख कायम है। हालांकि, आगे चलकर भू राजनीतिक अनिश्चितता और संस्थागत निवेशकों का रुख बाजार को प्रभावित कर सकता है। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.23 प्रतिशत के नुकसान के साथ 99 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
आॅनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा, भारतीय शेयर बाजार लगभग स्थिर रहे क्योंकि निवेशक अमेरिकी शांति प्रस्ताव पर ईरान की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं। निफ्टी लगभग स्थिर रुख के साथ बंद हुआ। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 5,834.90 करोड़ रुपए के शेयर बेचे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse