एबीएन न्यूज नेटवर्क, हजारीबाग। जिले में राम नवमी की शोभायात्रा के दौरान दो लोगों की कथित तौर पर हत्या कर दी गयी। अज्ञात आरोपियों ने दोनों को धारदार हथियार से मौत के घाट उतार दिया है। रविवार (29 मार्च) को घटना की सूचना मिली। यह दोनों घटनाएं टाउन पुलिस थाना क्षेत्र के झंडा चौक में आधी रात के आसपास अलग-अलग शोभायात्राओं के दौरान हुईं।
इस हंगामे में सौ से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों को इलाज के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों युवकों की चाकू लगने से हत्या हुई है। शोभायात्रा के दौरान हथियार प्रदर्शन और आपसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान सिलवार गांव के निवासी प्रिंस कुमार (21) और बड़ा बाजार ग्वालटोली के निवासी अभिषेक कुमार (21) के रूप में हुई है। सदर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) अमित आनंद ने बताया, ह्यह्यशनिवार को राम नवमी की शोभायात्रा के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने अभिषेक कुमार की धारदार हथियार से हत्या कर दी।
हमले के बाद अभिषेक को इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (एसबीएमसीएच) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मामले में अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रिंस कुमार पर भी इसी तरह हमला किया गया और उन्हें भी एसबीएमसीएच ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपियों की पहचान की जा रही है। वहीं फरार लोगों की गिरफ्तारी के लिए उचित प्रयास किये जा रहे हैं।
दो हत्याओं से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। परिजनों समेत स्थानीय लोगों में घटना पर जमकर आक्रोश देखने को मिल रहा है। आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के साथ गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse