महासप्तमी पर नवयुवक मोटिया संघ ने किया गया अस्त्र शस्त्र चालन प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

 

युवा शक्ति ही राष्ट्र की ताकत है: श्रद्धा केरकेट्टा (एसडीपीओ) 

प्रभु श्रीराम का जीवन हमें कर्तव्य, एकता और साहस की प्रेरणा देता है : निशीथ जायसवाल 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। रामनवमी महासप्तमी के पावन अवसर पर नवयुवक मोटिया संघ बरवाटोली द्वारा भव्य अस्त्र-शस्त्र चालन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा, विशिष्ट अतिथि डॉ. गणेश प्रसाद, नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव, केंद्रीय महावीर मंडल के अध्यक्ष विपुल तमेड़ा, लोहरदगा सदर थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर, दीपक जायसवाल, विशाल डुंगडुंग, निश्चय वर्मा, रितेश कुमार, योगी सेना अध्यक्ष प्रवीण ठाकुर एवं कुमार अभिषेक सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रामभक्तों, अखाड़ा समितियों और स्थानीय लोगों की भागीदारी देखने को मिली, जिससे पूरा बरवाटोली क्षेत्र राममय माहौल में डूबा नजर आया। कार्यक्रम का मंच संचालन अजय कुमार प्रजापति जी ने किया। 

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं समस्त अतिथियों ने बजरंगबली की पूजा-अर्चना के साथ की। इसके उपरांत सभी अतिथियों ने स्वर्गीय प्राण प्रसाद जायसवाल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया और उनके सामाजिक एवं धार्मिक योगदान को याद किया। आयोजन स्थल पर पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र चालन, बाजा और अखाड़ों की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। युवाओं ने अनुशासन और साहस के साथ अपने कौशल का प्रदर्शन करते हुए रामनवमी की परंपरा को जीवंत कर दिया। 

प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा करते हुए सबसे पहले समय पर उपस्थित होकर अनुशासन का परिचय देने वाले महादेव टोली अखाड़ा को 5100 रुपये का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अस्त्र-शस्त्र चालन प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में नवयुवक संघ सेरेंगहातू तोड़ार ने प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए 21000 रुपये का नगद पुरस्कार एवं कप अपने नाम किया। द्वितीय स्थान बाबा अंबेडकर नगर को 15000 रुपये का नगद पुरस्कार तथा तृतीय स्थान शिव मंदिर बरवाटोली को 7100 रुपये का नगद पुरस्कार एवं कप देकर सम्मानित किया गया। 

जूनियर वर्ग की प्रतियोगिता में रघुनंदन लेन नारी सेना ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 7100 रुपये का नगद पुरस्कार एवं कप हासिल किया, जबकि दुर्गा वाहिनी बाबा अंबेडकर नगर ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर 5100 रुपये का नगद पुरस्कार एवं कप प्राप्त किया। बाजा प्रतियोगिता में शास्त्री चौक को प्रथम स्थान मिलने पर एक नगाड़ा तथा बाबा अंबेडकर नगर को द्वितीय स्थान मिलने पर एक ढोलक देकर सम्मानित किया गया। विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गयी। 

मुख्य अतिथि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा ने अपने संबोधन में कहा कि रामनवमी जैसे पावन पर्व पर इस प्रकार के पारंपरिक आयोजन समाज में एकता, अनुशासन और भाईचारे का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही समाज की असली ताकत है और ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने सभी अखाड़ा समितियों से शांति, अनुशासन और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पर्व मनाने की अपील की तथा मोटिया संघ के प्रयासों की सराहना की। 

विशिष्ट अतिथि डॉ. गणेश प्रसाद एवं अन्य अतिथियों ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और युवाओं में ऊर्जा एवं संस्कार का संचार करते हैं। 

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नवयुवक मोटिया संघ के अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल ने अपने संबोधन में सभी अतिथियों एवं रामभक्तों का स्वागत करते हुए कहा कि रामनवमी का महा त्योहार हम सभी के लिए आस्था, अनुशासन और एकता का प्रतीक है। 

उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन हमें कर्तव्यनिष्ठा, साहस और समाजसेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने अपने पूजनीय पिता स्वर्गीय प्राण प्रसाद जायसवाल को याद करते हुए कहा कि इस आयोजन की नींव उन्हीं ने रखी थी और उनके सामाजिक कार्य आज भी हमें प्रेरित करते हैं। मोटिया संघ के सभी साथियों के सहयोग से यह आयोजन लगातार भव्य रूप ले रहा है और आने वाले समय में इससे भी बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। 

कार्यक्रम के अंत में सभी विजेताओं को सम्मानित किया गया तथा रामनवमी महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अखाड़ा समितियों, अतिथियों, युवाओं जिला प्रशासन और स्थानीय लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। आयोजन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मौके पर नवयुवक मोटीया संघ के महासचिव रंजीत महली उर्फ गोलू, उदय नायक, विनोद, सुरेंद्र नायक शुभम नायक, मोनू आदि लोग उपस्थित थे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse