कांके रोड सरना समिति ने शोभा यात्रा का भव्य किया स्वागत

 

टीम एबीएन, रांची। रांची में प्रकृति पर्व सरहुल महापर्व के अवसर पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा के दौरान कांके रोड सरना समिति द्वारा श्री राम मंदिर कांके रोड के समीप आकर्षक स्वागत मंच का निर्माण किया गया। इस मंच पर शोभायात्रा में शामिल विभिन्न अखाड़ों के प्रतिनिधियों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सम्मान किया गया, जिससे आयोजन में सांस्कृतिक गरिमा और उत्साह का विशेष समावेश देखने को मिला। 

कार्यक्रम का उद्घाटन गोंदा थाना प्रभारी अभय कुमार सिन्हा, कांके रोड सरना समिति के संस्थापक दीपू मुंडा, संरक्षक जीवदेश नाथ शाहदेव, अध्यक्ष डब्लू मुंडा, समाजसेवी संजय सर्राफ, अर्जुन राम, सहित कई गणमान्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर सभी अतिथियों का स्वागत अबीर-गुलाल, साल के फूल एवं पारंपरिक आदिवासी गमछा ओढ़ाकर किया गया, जो सरहुल पर्व की सांस्कृतिक पहचान को दशार्ता है। 

स्वागत मंच पर शोभायात्रा में शामिल विभिन्न अखाड़ों के कलाकारों एवं प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही श्रद्धालुओं एवं प्रतिभागियों के लिए चना-पानी की समुचित व्यवस्था भी की गयी, जिससे सामाजिक सहयोग और सेवा भाव की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

शोभायात्रा के दौरान कांके रोड क्षेत्र में भारी भीड़ उमड़ी, जहां लोग पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य-गीत के साथ सरहुल पर्व का आनंद लेते नजर आए। पूरे वातावरण में उल्लास, आस्था और प्रकृति के प्रति सम्मान की भावना परिलक्षित हो रही थी। सरहुल महापर्व आदिवासी समाज की प्रकृति पूजा की अद्वितीय परंपरा का प्रतीक है, जो समाज को एकजुटता, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है। 

इस अवसर पर शशि मुंडा, प्रकाश टोप्पो, सोमरा गाड़ी, सनी मुंडा, रोहित लोहरा, सावन लोहरा, अजय मुंडा, अजय गाड़ोदिया सहित अन्य लोग उपस्थित थे। उक्त जानकारी कांके रोड सरना समिति के अध्यक्ष डब्लू मुंडा ने दी।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse