एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। छोटा नागपुरिया तेली उत्थान समाज, जिला गुमला के पदाधिकारियों ने 15 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले वार्षिक तेली महाजतरा एवं अनाथ, असहाय तथा जरूरतमंद परिवारों की कन्याओं के सामूहिक विवाह कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू से मुलाकात कर उन्हें मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई, जिसमें समाज के प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम की रूपरेखा और उसके सामाजिक महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष आयोजित होने वाला तेली महाजतरा समाज की एकता, परंपरा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है।
इस अवसर पर जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के सामूहिक विवाह का भी आयोजन किया जाता है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहयोग मिल सके और समाज में आपसी सहयोग की भावना मजबूत हो। मुलाकात के दौरान पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने आमंत्रण के लिए समाज के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक और मानवीय कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक होते हैं। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन न केवल जरूरतमंद परिवारों को सहारा देते हैं, बल्कि समाज में समानता, सहयोग और भाईचारे की भावना को भी मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि समाज के लोग जिस तरह से मिलजुल कर अनाथ, असहाय और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी का जिम्मा उठा रहे हैं, वह अत्यंत सराहनीय पहल है। यह समाज के संवेदनशील और जागरूक होने का परिचायक है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि वे इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल होकर समाज के इस नेक कार्य में अपनी सहभागिता देंगे और सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद भी देंगे। इस अवसर पर समाज के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारी करने की बात कही।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse