टीम एबीएन, रांची। कड़ाके की ठंड से परेशान, बेघर और फुटपाथ पर रात गुजारने वाले लोगों को राहत देने के लिए रांची नगर निगम ने एक बड़ी पहल की है। प्रशासक सुशांत गौरव के निर्देश पर अलबर्ट एक्का चौक स्थित पार्किंग परिसर के पास 50 बेड का अस्थायी आश्रय गृह तैयार कर दिया गया है।
इस आश्रय गृह में 30 बेड पुरुषों के लिए और 20 बेड महिलाओं के लिए बनाये गये हैं। ठंड से सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरे परिसर में मोटे पर्दे लगाये गये हैं, जबकि कंबल, गद्दे, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और हीटर की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग दरवाजे बनाये गये हैं।
नगर निगम की ओर से इस ठंड में बेघर और सहायता विहीन लोगों की मदद के लिए विशेष रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। टीम शहर के विभिन्न हिस्सों, मुख्य सड़कों, बाजारों, बस स्टैंड क्षेत्रों और फुटपाथों में घूम घूमकर ऐसे लोगों को चिन्हित कर रही है, जिन्हें तुरंत आश्रय की आवश्यकता है।
इन चिन्हित लोगों को निकटतम आश्रय गृहों में सुरक्षित स्थान प्रदान कराया जा रहा है। निगम ने अपील की है कि कोई भी व्यक्ति सड़क किनारे या किसी खुले स्थान पर ठंड में असहाय दिखे, तो तुरंत नगर निगम हेल्पलाइन 1800-570-1235 पर सूचना दें, ताकि समय रहते उसकी मदद की जा सके।
इधर, जिला प्रशासन भी शहर में बढ़ती ठंड को देखते हुए सक्रिय हो गया है। राजधानी रांची के सभी चौक-चौराहों, मुख्य सड़कों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अलाव की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासनिक टीम लगातार अलाव स्थलों पर लकड़ी उपलब्ध करा रही है, ताकि जरूरतमंद लोग रात के समय ठंड से राहत पा सकें।
फुटपाथ पर रहने और सोने वाले लोगों के लिए निगरानी भी बढ़ायी गयी है, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण किसी प्रकार की परेशानी या जोखिम में न आये। प्रशासन की पहल सिर्फ अलाव तक सीमित नहीं है।
शहर के अलग-अलग हिस्सों में स्थापित अस्थायी आश्रय गृहों में हीटर, पर्याप्त रोशनी, गद्दे-कंबल, शौचालय और पेयजल जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं दी गई हैं। इन आश्रय गृहों में सुरक्षा व्यवस्था के तहत सीसीटीवी कैमरे भी लगाये गये हैं, जिससे निगरानी और प्रबंधन और अधिक प्रभावी तथा सुरक्षित हो सके।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse