टीम एबीएन, रांची। झारखंड के 25वें स्थापना दिवस को लेकर राजधानी रांची में इस बार भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। राज्य स्थापना दिवस को यादगार बनाने के लिए विभिन्न विभागों के साथ-साथ रांची नगर निगम को भी विशेष जिम्मेदारी दी गयी है। निगम की ओर से न केवल शहर की सफाई और सौंदर्यीकरण पर ध्यान दिया जा रहा है, बल्कि सांस्कृतिक आयोजनों को भी गरिमा प्रदान की जा रही है।
स्थापना दिवस से जुड़े कार्यक्रमों की औपचारिक शुरुआत 11 नवंबर से हुई। सबसे पहले राजधानी रांची में मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं, खिलाड़ियों और नागरिकों ने हिस्सा लिया। इस आयोजन का उद्देश्य राज्य की एकता, ऊर्जा और युवा शक्ति को प्रदर्शित करना है।
नगर निगम ने स्थापना दिवस समारोह को सफल बनाने के लिए शहर के मुख्य मार्गों की सफाई, मार्ग चिह्नों के नवीनीकरण और सुरक्षा प्रबंधों पर विशेष ध्यान दिया। दौड़ के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया गया।
स्थापना दिवस के मुख्य आकर्षणों में से एक वॉल पेंटिंग कार्यक्रम होगा, जो 14 नवंबर को आयोजित किया जायेगा। इस कार्यक्रम में राजधानी के तीन प्रमुख स्थानों, अल्पसंख्यक भवन के पास, बिरसा चौक और मोरहाबादी मैदान परिसर की दीवारों को सोहराय, खोवर और अन्य पारंपरिक लोक कलाओं से सजाया जायेगा।
इन वॉल पेंटिंग्स की थीम होगी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड की सांस्कृतिक पहचान। मौके पर राज्य के जाने-माने कलाकार अपनी रचनाओं के माध्यम से झारखंड की परंपरा, संस्कृति और जनभावनाओं को जीवंत करेंगे।
नगर निगम के उप प्रशासक गौतम प्रसाद साहू ने बताया कि रांची की दीवारें झारखंड की आत्मा को दर्शायेंगी। हमारी कोशिश है कि स्थापना दिवस पर शहर पूरी तरह स्वच्छ, सजीव और सांस्कृतिक रंगों में डूबा नजर आये।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse