टीम एबीएन, रांची। झारखंड के कई हिस्सों में मंगलवार सुबह से हल्की से मध्यम वर्षा हो रही है, इस बीच चार जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। भारत मौसम विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
आईएमडी ने बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। एक अधिकारी ने बताया कि पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, खूंटी, रांची और गुमला के लिए 24 सितंबर सुबह साढ़े आठ बजे से 25 सितंबर सुबह साढ़े आठ बजे तक के लिए और छह जिलों के लिए 25 सितंबर सुबह साढ़े आठ बजे से 26 सितंबर सुबह साढ़े आठ बजे तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उपनिदेशक अभिषेक आनंद ने कहा कि झारखंड में अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और दक्षिणी एवं मध्य हिस्सों के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है।
उन्होंने कहा, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण मौसम खराब है। झारखंड में 25 सितंबर को व्यापक बारिश होने की संभावना है। रांची में मंगलवार सुबह से हल्की से मध्यम वर्षा हो रही है और बुधवार को तेज बारिश होने की संभावना है। अधिकारियों ने बताया कि एक जून से 22 सितंबर के बीच राज्य में सामान्य से 18 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गयी।
इस अवधि में पूर्वी राज्य में सामान्य 970 मिमी की तुलना में 1,143 मिमी वर्षा हुई। अधिकारी ने बताया कि पूर्वी सिंहभूम जिले में सर्वाधिक 53 प्रतिशत अधिशेष वर्षा दर्ज की गई, सरायकेला-खरसावां में 48 प्रतिशत और रांची में 46 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई। हालांकि, पाकुड़ जिले में 22 सितंबर तक सामान्य से 28 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गयी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse