टीम एबीएन, रांची। प्रभात प्रकाशन द्वारा प्रकाशित एवं राकेश कुमार द्वारा रचित गोदान (काव्य रूपांतरण) का लोकार्पण प्रभात प्रकाशन रांची के सभागार में पद्मश्री बलबीर दत्त, डॉ अशोक प्रियदर्शी, डॉ राकेश कुमार सिंह एवं डॉ अरुण सज्जन के हाथों सम्पन्न हुआ। लोकार्पण समारोह की अध्यक्षता डॉ अशोक प्रियदर्शी जी ने,संचालन शोधार्थी विद्या वैभव भारद्वाज ने अतिथियों का स्वागत प्रभात प्रकाशन के राजेश शर्मा ने एवं सरस्वती वंदना धनबाद की कवयित्री डॉ संगीतानाथ ने किया।
मुख्य अतिथि बलबीर दत्त ने कहा कि गोदान जैसे उपन्यास का काव्य रूपांतरण कठिन साधना से ही संभव है। गोदान (काव्य रूपांतरण) का आवरण अत्यंत ही आकर्षक है। पुस्तक में प्रयुक्त सकर्णप्रिय तुकांतता एवं सरल शब्दावली बच्चों को भी सहजता से याद हो जायेगी। यह पुस्तक कवि राकेश कुमार के परिश्रम, प्रतिबद्धता और कठिन साधना का प्रतिफल है। डॉ अशोक प्रियदर्शी ने कहा कि जब प्रेमचंद की समस्त ऊर्जा और प्रतिभा खपी तब गोदान की उत्पत्ति हो सकी। उस गोदान को कविता में, वह भी छंदबद्ध रूपान्तरित किया जाना ऐतिहासिक है।
उन्होंने कहा कि रचनाकार को सतत सृजनशील रहना चाहिए। गोदान (काव्य रूपांतरण) के बाद अब राकेश जी से अपेक्षा है कि वे मैला आंचल का भी रूपांतरण करें। डॉ राकेश कुमार सिंह ने कहा कि किसी उपन्यास को छंदबद्ध कविता में रूपांतरित किये जाने का यह पहला उदाहरण है। इस कृति ने न केवल पलामू वरन सम्पूर्ण साहित्य जगत को गौरवान्वित किया है। इस पुस्तक को इंडिया बुक आॅफ रिकॉर्डस द्वारा रिकॉर्ड बुक में दर्ज किया गया है जिसके स्वीकृति पत्र को अनुज कुमार पाठक ने पढ़कर सुनाया।
डॉ अरुण सज्जन ने कहा कि राकेश जी ने अद्भुत कार्य किया है। इनकी जितनी भी सराहना की जाये कम है। गोदान (काव्य रुपांतरण) के रचनाकार राकेश कुमार ने कहा कि डॉ अशोक प्रियदर्शी और पद्मश्री बलबीर दत्त का सान्निध्य पाकर ऊर्जा दुगुनी हो जाती है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में लगी प्रभात प्रकाशन एवं हिन्दी साहित्य भारती की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। औपचारिक धन्यवाद- ज्ञापन हिंदी साहित्य भारती की रांची जिला अध्यक्ष बलराम पाठक ने किया। सुनीता अग्रवाल ने सभी अतिथियों को पौधा देकर सम्मानित किया।
समारोह में अजय राय, संजय सर्राफ, संजीव दत्ता, दीपेश निराला, अनिल कुमार शर्मा, अजय कुमार पांडेय, स्नेह प्रभा पांडेय, डॉ स्नेहलता, आकांक्षा चौधरी, रेणु मिश्रा, रीना प्रेम दुबे, प्रेम प्रकाश दुबे, मनोज कुमार मिश्रा, विजय कुमार पाठक, रमेश कुमार सिंह, डॉ रामप्रवेश पंडित, डॉ सुनीता कुमारी, डॉ साकेत कुमार पाठक, अरविंद कुमार पांडेय, डॉ शिव कुमार मेहता, डॉ के डी शरद, नीरज कुमार पाठक, निशांत पाठक, सत्येंद्र चौबे सुमन, संतोष मिश्रा, मिथिलेश पाठक, मनोज नेगी, गोल्डन कुमार सहित कई साहित्यकार व साहित्यप्रेमी उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse