टीम एबीएन, रांची। झारखंड में बिजली महंगी हो गई है। वहीं, बिजली की कीमतें बढ़ने पर बीजेपी नेता अमर कुमार बाउरी ने हेमंत सरकार पर हमला बोला है। बाउरी ने कहा कि मुफ्त बिजली के सपने दिखाकर अब झटका देने का काम शुरू हो गया है।
अमर कुमार बाउरी ने आगे कहा कि हेमंत सरकार ने चुनाव से पहले कहा था कि बिजली मुफ्त देंगे, लेकिन 1 मई से बिजली की कीमतें बढ़ा दी गयी है। बाउरी ने कहा कि झारखंड की जनता अब समझ गई है जो सरकार वोट के समय वोल्टेज हाई करती है, वो जीतते ही बिजली का झटका देना नहीं भूलती। उन्होंने कहा कि कथनी और करनी में इतना फर्क कि अब मीटर भी कन्फ्यूज़ हो जाए! सवाल ये नहीं कि बिजली महंगी हुई है, सवाल ये है कि वादों की रोशनी इतनी जल्दी कैसे गुल हो गई।
बता दें कि झारखंड में बिजली की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। 1 मई यानी आज से संशोधित दर लागू होगी। बता दें कि राज्य में बिजली दरों में 6.34 प्रतिशत की वृद्धि की। नई दरों के तहत, ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू उपभोक्ताओं को 6.30 रुपये की जगह अब 6.70 रुपये प्रति यूनिट का भुगतान करना होगा।
इसी तरह शहरी उपभोक्ताओं को 6.65 रुपये की जगह 6.85 रुपये प्रति यूनिट का भुगतान करना होगा। ग्रामीण बिजली दर में 40 पैसे और शहरी दर में 20 पैसे की वृद्धि की गई है। वहीं, शुल्क वृद्धि में प्रति माह 200 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ उठाने वाले उपभोक्ता शामिल नहीं हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse