एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर 8 में रविवार को एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला। पूर्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया की टीम को अफगानिस्तान ने एक रोमांचक मुकाबले में हरा कर सेमीफाइनल की रेस रोचक बना दी।
ग्रुप 1 में भारतीय टीम ने अब तक सुपर 8 के दोनों मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह लगभग पक्की कर ली है। अफगान टीम से मिली हार के बाद अब ऑस्ट्रेलिया पर विश्व कप से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है। अफगानिस्तान की टीम ने करो या मरो के मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत दर्ज करके सनसनी फैला दी।
टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी टीम ने रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान की फिफ्टी के दम पर 6 विकेट के नुकसान पर 148 रन बनाये। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम गुलबदीन नईब की घातक गेंदबाजी के आगे महज 127 रन पर ही ऑलआउट हो गयी। इस हार के बाद कंगारू टीम के सेमीफाइनल का समीकरण बिगड़ गया है।
सुपर 8 में भारत ने अब तक दो मैच खेलकर दोनों में जीत दर्ज की है। अफगानिस्तान और बांग्लादेश को हराने के बाद टीम इंडिया के 4 अंक हो गये हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने दो मैच खेलने के बाद 1 हार और 1 जीत से 2 अंक हासिल किये हैं।
अफगानिस्तान की टीम भारत से पहला सुपर 8 मैच हार गयी थी लेकिन ऑस्ट्रेलिया को हराकर उसने 2 अंक हासिल किये हैं। बांग्लादेश की टीम को दो मैच में हार मिली है और उसे अफगानिस्तान से आखिरी सुपर 8 मैच खेलना है। ऑस्ट्रेलिया को भारत से आखिरी मैच खेलना है और अगर वहां उसे हार मिली और अफगानिस्तान ने बांग्लादेश को हरा दिया तो कंगारू टीम बाहर हो जायेगी।
अब ऑस्ट्रेलिया की टीम को अगर सेमीफाइनल में जगह बनाना है तो उसे हर हाल में भारत से जीतना होगा और साथ ही दुआ करनी होगी कि बांग्लादेश की टीम अफगानिस्तान को हरा दे।
अगर ऑस्ट्रेलिया की टीम भारत से हार जाए और अफगानिस्तान की टीम भी बांग्लादेश से मैच हार जाये तो नेट रन रेट के आधार पर ग्रुप 1 की दूसरी सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीम का फैसला होगा। भारत नेट रन रेट में सबसे आगे है लिहाजा उसकी जगह लगभग पक्की है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse