एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर। सांसद बीडी राम पलामू संसदीय क्षेत्र से जीत की हैट्रिक लगाने की दहलीज पर खड़े हैं। वरिष्ठ नौकरशाह के पद से सेवानिवृत्ति के बाद राजनीति की पिच पर भी बीडी राम सफल रहे। अपनी सक्रियता, कर्त्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और सेवा कार्य के बल पर न सिर्फ अपनी एक अलग छवि गढ़ी है, बल्कि श्री राम ने आम जनों के मन में पूर्व के सांसदों के प्रति जो नकारात्मक छवि बनी थी, उस धारणा को भी सेवा, सक्रियता, समर्पण भाव से बदल दिया है।
बात हम पूर्व के किसी भी सांसद के प्रदर्शन की करें, तो लोकसभा में उनकी भूमिका मौनी बाबा की होती थी और जहां तक क्षेत्र में मौजूदगी का सवाल तो यह लोकोक्ति कही जाती थी। नीलकंठ की तरह यदि साल में एक बार सांसद के दर्शन हो जायें यही अधिक है। सांसद के रूप में बीडी राम ने न सिर्फ इस धारणा को बदला, बल्कि सदन के अंदर अपनी योग्यता और बात रखने की विशिष्ट शैली की वजह से पलामू को स्थापित भी किया।
न सिर्फ सदन के अंदर बल्कि लोकसभा के संसदीय मंडल के सदस्य के तौर पर विदेशों में भारत का प्रतिनिधित्व किया, जो यह बताने के लिए पर्याप्त है कि पलामू की आवाज देश के सदन से विदेशों तक पहुंची। सदन में श्री राम की सजगता और सक्रियता का ही प्रतिफल है कि पलामू संसदीय क्षेत्र की परिधि में आने वाले दोनों जिले पलामू और गढ़वा देश के 115 आकांक्षी जिलों में शामिल है। इन दोनों जिलों को पिछड़े जिले से बाहर निकाल कर विकसित जिला बनाने के लिए नीति आयोग द्वारा विशेष तौर पर व्यापक कार्य किया जा रहा है।
सांसद श्री राम निरंतर अपने कार्य के प्रति सजग रहे हैं। इस बात को उनके विरोधी भी स्वीकार करते हैं। 2014 के पहले की बात करें तो पलामू सांसद होने का मतलब क्या था? सांसद कोटे की योजना के कमीशन का रेट फिक्स था। सांसद के लेटर पैड पर कुछ खास लोगों का कब्जा था। सांसद से मुलाकात के बाद भी यदि खास लोगों की इच्छा न हो तो काम होना मुमकिन नहीं था। पर पलामू में सांसद बनते ही बीडी राम ने इस धारणा को बदला, एक नयी कार्य संस्कृति विकसित की जनता से सीधे मिले, जो मुमकिन था कार्य किया।
जिला स्तरीय निगरानी अनुश्रवण समिति को प्रभावी बनाया। सच कहा जाये तो बीडी राम ने पिछले 10 वर्षों से अपनी सेवा और सक्रियता के बल पर सांसद होने के मायने को पलामू संसदीय क्षेत्र के आम अवाम व जनमानस को समझाया है। लगातार तीसरी बार भाजपा प्रत्याशी बनाये जाने पर सांसद बिष्णुदयाल राम उर्फ बीडी राम ने खबर मन्त्र के ब्यूरो प्रमुख सत्येंद्र मिश्रा ने विशेष बातचीत की।
पार्टी प्रत्याशी बनाये जाने पर श्री राम ने कहा कि भाजपा देश की एक ऐसी पार्टी है जो सरकार के सारे मंत्रियों, सांसदों, विधायकों से लेकर आम कार्यकर्ताओं के कार्यकलाप पर निगरानी रखती है। पार्टी के हाई नेतृत्व विभिन्न प्रकार के माध्यमों से जानकारी प्राप्त करती है। तब जाकर किसी प्रकार का निर्णय लेती है। श्री राम ने कहा कि पार्टी द्वारा जारी 195 प्रत्याशियों की सूची में स्वयं को पाकर आह्लादित हुआ।
साथ ही सुखद अनुभूति हुई। श्री राम ने लगातार तीसरी बार प्रत्याशी बनाये जाने पर इसका सारा श्रेय पलामू संसदीय क्षेत्र की जनता को देते हुए जनता जनार्दन के आशीर्वाद का प्रतिफल बताया है। तीसरी बार हैट्रिक लगाने के सवाल पर श्री राम ने बताया कि संसदीय क्षेत्र की जनता का भरपूर आशीर्वाद है। क्षेत्र की जनता ने पहले चुनाव में लगभग दो लाख 77 हजार व दूसरे चुनाव में चार लाख 77 हजार के भारी अंतर से विजयी बनाकर प्रतिनिधित्व का मौका दिया। इस बार पुराने रिकार्ड को तोड़ते हुए उससे भी अधिक मतों से जितायेगी।
सांसद श्री राम ने कहा कि पलामू व गढ़वा जिला को आकांक्षी जिला से विकसित जिला बनाने की दिशा में मन में एक संकल्प है। निश्चित तौर पर प्रशासनिक पदाधिकारियों से मिलकर यह कोशिश होगी कि विकास के तय पैमाने पर पलामू, गढ़वा पूरा करे। ताकि बहुत जल्द आकांक्षी जिला से विकसित जिला की सूची में आ जाये।
क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के सवाल पर सांसद श्री राम ने कहा कि राष्ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास कॉरपोरेशन के तहत अमृतसर-कोलकाता इंडस्ट्रियल प्रोजेक्ट का झारखंड में इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग कॉरपोरेशन का पलामू एवं गढ़वा हब बनेगा। बड़े पैमाने पर दोनों जिलों में कल कारखानों की स्थापना हो, गांव में कुटीर उद्योग स्थापित हो ताकि बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार व स्वरोजगार उपलब्ध हो सके। इसके लिए गांव में पारिवारिक व परंपरागत व्यवसाय को बढ़ाने की दिशा में विशेष फोकस किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से वर्ष 2014 तक सांसद सुविधा केंद्र भी नहीं था। पासपोर्ट आॅफिस रांची में था। हमने काम को प्राथमिकता दिया। पलामू संसदीय क्षेत्र की जनता के बीच विशेष छाप व छवि बनाने वाले सांसद श्री राम वर्ष 2014 से अब तक संसदीय क्षेत्र में रहते हुए प्रतिदिन 17 - 18 घंटा तक काम करने वाले पहले सांसद हैं।
सूबे के पुलिस विभाग के सर्वोच्च पद डीजीपी से सेवानिवृति के बाद भाजपा के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए जनसेवा की तमन्ना रखने वाले श्री राम को क्षेत्र की जनता ने भी सर आंखों में बिठाया है। अपनी योग्यता, कर्मठता व ईमानदारी के भरोसे श्री राम ने राजनीत की पिच पर भी विकास के महत्व को समझाते हुए एक लंबा लकीर खींचा है। उन्होंने कहा कि भाजपा अनुशासनप्रिय व पदानुक्रम संगठन है इसमें गांव के एक सामान्य कार्यकर्ता से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का विशेष महत्व व सम्मान है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र की जनता के आशीर्वाद से इंटर पार्लियामेंट्री यूनियन के ब्यूरो सदस्य के रूप में आठ देशों में प्रतिनिधित्व का मौका मिलना मेरा ही नहीं पलामू संसदीय क्षेत्र की जनता का सौभाग्य है। वर्ष 2014 के पहले पलामू का प्रतिनिधित्व करनेवाले जहां देश के सर्वोच्च सदन में केवल हाजिरी जगाते रहे।
वहीं झारखंड प्रदेश से सबसे ज्यादा प्रश्न उठाने वाले सांसद श्री राम ने सामाजिक सरोकार से लेकर विकास तक की सेवा का श्रेय संसदीय क्षेत्र की जनता को दिया है। श्री राम ने पलामू संसदीय क्षेत्र के मीडिया के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चौथा स्तंभ नहीं होता, तो मेरे विरोधी मेरे कार्य को जनता तक पहुंचने नहीं देते।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse