टीम एबीएन, लोहरदगा। झारखंड के लोहरदगा निवासी अभिनव आनंद पांडेय ज्योतिष विषय में आचार्य की उपाधि हासिल की है। उन्होंने 88 प्रतिशत से अधिक अंक लाकर इस परीक्षा को पास किया है। नई दिल्ली में आयोजित प्रथम दीक्षांत समारोह में केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के प्रांगण में भारत की राष्ट्रपति द्रोपति मुर्मू, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और कुलपति की मौजूदगी में अभिनव आनंद पांडेय को प्रशस्ति पत्र और सम्मान दिया गया। इससे न केवल लोहरदगा बल्कि झारखंड में भी खुशी की लहर है। अभिनव के दादा विंधेश्वर पाण्डेय उत्तर प्रदेश हमीरपुर संस्कृत कॉलेज के प्रिंसिपल पद से सेवानिवृत हुए थे। वहीं नाना बीएन शर्मा भी सेवा निवृत्त शिक्षक है।
अभिनव लोहरदगा के शीला अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर के आचार्य और शारदा नगर, बीआईडी निवासी विष्णु दत्त पाण्डेय के पुत्र अभिनव आनंद पाण्डेय को सिद्धांत ज्योतिष विषय की आचार्य परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने के उपलक्ष्य में स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। अभिनव आनंद पांडेय ने कहा कि वह पीएचडी कर संस्कृत सेवा कर, भारत की संस्कृति को समृद्ध बनाने के लिए न केवल शिक्षक बनना चाहते हैं बल्कि भारतीय वांग्मय में खोज भी करना चाहते हैं।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय नई दिल्ली के तत्वावधान में यशोभूमि नई दिल्ली में दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया था। मौके पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, विद्वतजन, देश के अनेक प्रतिष्ठित संस्कृत विश्वविद्यालयों के शिक्षक औरछात्र उपस्थित थे।
स्वर्ण पदक विजेता अभिनव आनंद पाण्डेय ने केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के लखनऊ परिसर से सिद्धांत ज्योतिष विषय में आचार्य की परीक्षा सत्र 2021-2022 में सर्वाधिक 88.1 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्तीर्ण की है । इसके लिए उन्हें स्वर्ण पदक प्रदान किया गया।
अभिनव आनंद पाण्डेय ने अपनी मैट्रिक परीक्षा शीलाअग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर, लोहरदगा से उत्तीर्ण की थी। आइएससी की परीक्षा मनोहर लाल अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर महाविद्यालय लोहरदगा से उत्तीर्ण की थी। अभिनव आनंद पाण्डेय की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए अपितु पूरे लोहरदगा जिला के लिए एक गौरवान्वित करने वाला है।
उनकी इस उपलब्धि पर शीला अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर, मनोहर लाल अग्रवाल इंटर महाविद्यालय एवं उनके परिवार के सभी सदस्यों ने अपनी शुभकामनाएं दी हैं। उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse