टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची में सरस्वती पूजा को लेकर पुलिस विभाग की ओर से विशेष तैयारी की गई है। रांची में सरस्वती पूजा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलेभर में 600 अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की गयी है। जवानों की तैनाती विसर्जन तक रहेगी।
इस संबंध में रांची के सीनियर एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि सरस्वती पूजा को लेकर पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड में है। रांची में सबसे ज्यादा अतिरिक्त बलों की तैनाती की गयी है। जिसमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। सरस्वती पूजा पंडालों के आसपास भी सुरक्षा के लिए जवानों को तैनात किया जायेगा।
खासकर छेड़खानी की वारदातों को रोकने के लिए शक्ति कमांडो को विशेष रूप से सतर्क रहने को कहा गया है। वैसे संवेदनशील इलाके जहां पूर्व में कभी भी सांप्रदायिक तनाव हुआ हो, वहां विशेष नजर रखने की हिदायत सुरक्षा बलों को दी गयी है। कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरे के जरिये भी शहर पर नजर रखने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती कंट्रोल रूम में की गयी है।
राजधानी रांची में वैसे तो 1000 से ज्यादा जगहों पर सरस्वती पूजा आयोजित की जाती है, लेकिन सबसे ज्यादा धूमधाम से सरस्वती पूजा रांची कॉलेज में मनायी जाती है। हजारों की संख्या में छात्र रांची कॉलेज में होने वाली सरस्वती पूजा में शामिल होते हैं। ऐसे में रांची के सीनियर एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने रांची कॉलेज में होने वाली पूजा को लेकर विशेष निर्देश जारी किये हैं। छात्रों को संयमित तरीके से पूजा करने की हिदायत दी गयी है। एहतियातन कॉलेज के आसपास भी पुलिस बलों की तैनाती की गयी है।
राजधानी में सरस्वती पूजा को लेकर सुरक्षा-व्यवस्था के इंतजाम के साथ जिले के सभी थाना प्रभारी को यह निर्देश दिया गया है कि वह अपने-अपने इलाकों में सरस्वती पूजा समितियों के लोगों को स्पष्ट निर्देश दें कि वह पूजा के अवसर पर अश्लील या भड़काऊ गाने न बजायें। ऐसा करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
रांची एसएसपी के अनुसार शहर में सुरक्षा बलों की तैनाती विसर्जन समाप्त होने तक रहेगी। सरस्वती पूजा के बाद मूर्तियों के विसर्जन को लेकर सभी पूजा समितियां को समय दे दिया गया है, तय समय के अनुसार ही पूजा समितियों को विसर्जन कार्य पूरा कर लेना है। विसर्जन के दौरान एनडीआरएफ की टीम विभिन्न घाटों पर मौजूद रहेगी। साथ ही स्थानीय गोताखोरों को भी तैनात किया जायेगा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse