पाकिस्तान : पूर्व पीएम इमरान खान गिरफ्तार

 

एबीएन सेंट्रल डेस्क। पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पाक रेंजर्स ने इमरान खान को गिरफ्तार किया है। इस्लामाबाद हाई कोर्ट के बाहर ही इमरान खान को गिरफ्तार कर लिया गया। 

अर्धसैनिक बलों ने उस वक्त गिरफ्तार कर लिया, जब वह भ्रष्टाचार के एक मामले में सुनवाई के लिये इस्लामाबाद हाईकोर्ट में मौजूद थे। इधर, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) ने इमरान खान को अगवा कर लिये जाने का आरोप लगाया है।

 पीटीआई ने ट्वीट किया कि पाकिस्तान रेंजर्स ने पीटीआई के अध्यक्ष इमरान खान का अपहरण कर लिया। गिरफ्तारी के बाद इमरान खान को मेडिकल चेकअप के लिए इस्लामाबाद से रावलपिंडी ले जाया गया है। 

जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को अर्धसैनिक बलों ने इस्लामाबाद हाईकोर्ट के बाहर से गिरफ्तार कर लिया। इमरान खान की पार्टी ने यह जानकारी दी। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के अध्यक्ष खान को रेंजर्स ने उस वक्त हिरासत में लिया, जब रिश्वतखोरी के आरोप में वह अदालत में पेश हुए थे। 

उनके वकील फैसल चौधरी ने यह बात कही। पूर्व सूचना मंत्री और पीटीआई के उपाध्यक्ष फवाद चौधरी ने कहा कि अदालत पर रेंजर्स का कब्जा है और वकीलों को यातना दी जा रही है। उन्होंने कहा, इमरान खान की कार को घेर लिया गया है। पीटीआई के एक और नेता अजहर मसवानी ने आरोप लगाया कि रेंजर्स द्वारा अदालत के अंदर से 70 वर्षीय खान का अपहरण किया गया। 

उन्होंने कहा कि पार्टी ने देश भर में प्रदर्शन का तत्काल आह्वान किया है। पार्टी के एक अन्य नेता ने ट्विटर पर वीडियो संदेश में कहा, वे इमरान खान को प्रताड़ित कर रहे हैं। वे खान साहब को पीट रहे हैं। उन्होंने खान साहब के साथ कुछ किया है। 

पार्टी की वरिष्ठ नेता शिरीन मजारी के अनुसार, लाहौर से संघीय राजधानी इस्लामाबाद आए पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के अध्यक्ष अदालत में एक बायोमेट्रिक प्रक्रिया से गुजर रहे थे, तभी रेंजर्स ने कांच की खिड़की को तोड़ दिया और वकीलों तथा खान के सुरक्षा कर्मचारियों की पिटाई करने के बाद उन्हें (खान को) गिरफ्तार कर लिया। 

टीवी फुटेज में नजर आ रहा है कि रेंजर खान को कॉलर से पकड़कर ले जा रहे हैं और उन्हें कैदी वाहन में बैठाया जा रहा है। राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (एनएबी) के एक अधिकारी ने पीटीआई-भाषा से पुष्टि की कि खान को प्रॉपर्टी कारोबारी मलिक रियाज को जमीन स्थानांतरित करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है और उन्हें एनएबी को सौंपा जा रहा है। 

उन्होंने बताया कि खान को अल-कादिर ट्रस्ट मामले में गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा, उनकी गिरफ्तारी का वारंट आज सुबह जारी किया गया था और उसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।

मजारी ने कहा, कौन सा कानून? न्यायालयों पर रेंजरों द्वारा हमला किया गया जैसे कि एक कब्जे वाली भूमि पर हमला कर रहे हों- वकीलों और आईएचसी कर्मचारियों को भी पीटा गया। यह आज का पाकिस्तान है- एक फासीवादी राष्ट्र, जहां अर्धसैनिक बलों द्वारा उच्च न्यायालय पर हमला किया गया। 

मजारी ने ट्वीट किया, सरकारी आतंकवाद-इमरान खान को अदालत परिसर से अगवा करने के लिए आईएचसी परिसर में घुसी। जंगल कानून चल रहा है। रेंजर्स ने वकीलों को पीटा, इमरान खान के साथ हिंसा की और उनका अपहरण किया। पार्टी ने आरोप लगाया कि खान को प्रताड़ित किया जा रहा है, लेकिन स्वतंत्र रूप से इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse