एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत ने तीन वनडे मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में न्यूजीलैंड को 08 विकेट से हरा दिया। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में टीम इंडिया ने इस मैच को अपने नाम कर सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त भी हासिल कर ली है। उसने हैदराबाद में खेले गए पहले वनडे में 12 रनों से जीत हासिल की थी। दोनों टीमों के बीच सीरीज का आखिरी मुकाबला 24 जनवरी (मंगलवार) को इंदौर में खेला जायेगा।
भारत ने सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने के साथ ही न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू मैदान पर लगातार सातवीं सीरीज अपने नाम कर ली है। न्यूजीलैंड 1988, 1995, 1999, 2010, 2016, 2017 और 2023 में भारत दौरे पर वनडे सीरीज में हारा है। टीम इंडिया के ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें तो उसने घर में लगातार सातवीं वनडे सीरीज भी जीत ली। घरेलू मैदान पर भारतीय टीम के दबदबे का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टीम इंडिया जनवरी 2020 से घर में 26 वनडे सीरीज खेली है। इस दौरान 23 जीती और सिर्फ तीन में हारी है।
मैच की बात करें तो भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय गेंदबाजों ने रायपुर की नई पिच पर कहर बरपाते हुए न्यूजीलैंड को 34.3 ओवर में 108 रन पर समेट दिया। रायपुर में भारतीय टीम पहली बार अंतरराष्ट्रीय मैच में खेली। यहां कि पिच टीम इंडिया के गेंदबाजों के लिए स्वर्ग साबित हुई। भारत ने 20.1 ओवर में दो विकेट पर 111 रन बनाकर मैच को जीत लिया।
मोहम्मद शमी ने पहले ही ओवर में फिन एलेन को बोल्ड कर अपने इरादे साफ कर दिये। इस समय तक न्यूजीलैंड का खाता भी नहीं खुला था। छठे ओवर में सिराज ने हेनरी निकोलस को चलता किया। सातवें ओवर में शमी ने डेरिल मिचेल को पवेलियन भेज दिया। 10वें ओवर में कॉन्वे और 11वें ओवर में कप्तान लाथम भी पवेलियन लौट गये। 15 रन के अंदर न्यूजीलैंड की आधी टीम पवेलियन लौट गई थी और कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया था। सभी पांच विकेट भारत के तेज गेंदबाजों ने लिये थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse