लाखों का पैकेज छोड़ एमबीए नीलू ने शुरू की ड्रैगन फ्रूट की खेती

 

  • कॉर्पोरेट जगत की नौकरी छोड़कर खेती करने का लिया निश्चय 
  • राजगढ़ की नीलू सिंह अन्य महिलाओं के लिए बन रही प्रेरणा स्रोत 

एबीएन सेंट्रल डेस्क। कहते हैं कि जहां चाह, वहां राह...। राजगढ़ की एमबीए पास नीलू सिंह पर यह कहावत सटीक बैठती है। नीलू सिंह एमबीए उत्तीर्ण करने के बाद कॉरपोरेट सेक्टर की नौकरी को छोड़कर खेती बाड़ी कर रही हैं। उद्यान विभाग की योजना से उनकी मेहनत और सफलता को नया आयाम मिल रहा है। नीलू की सफलता का आलम यह है कि उनको देखकर वर्तमान में कई महिलाएं और लड़कियां भी पारंपरिक तरीके की खेती को छोड़ मुनाफा देने वाली ड्रैगन फ्रूट की खेती करना आरंभ कर दिया है। कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष डॉ. श्रीराम सिंह और उप निदेशक उद्यान विंध्याचल मंडल मेवाराम ने भ्रमण कर महिला किसान का उत्साहवर्धन किया। 

जनपद के विकास खंड राजगढ़ की नीलू सिंह ने वर्ष 1998 में बरेली विश्वविद्यालय से एमबीए उत्तीर्ण किया। उन्होंने कॉरपोरेट जगत की कई अलग-अलग कंपनियों में नौकरी की, लेकिन उनका मन नहीं लगा। अंत में कॉपोर्रेट की नौकरी छोड़कर खेती करने का निर्णय लिया। वर्तमान में वह राजगढ़ के गढ़वा गांव में चार बीघे के एक प्लाट में ड्रैगन फ्रूट और स्ट्राबेरी की खेती कर रही हैं। नीलू सिंह ने बताया कि 1998 में बरेली विश्वविद्यालय से एमबीए किया था। उसके बाद कई कंपनियों में नौकरियां भी की, लेकिन आज सबकुछ छोड़कर बागवानी कर रही हैं। 

बचपन से था बागवानी का शौक 
नीलू सिंह ने अभी तक विवाह नहीं किया है। बताया कि बचपन से ही बागवानी करने का बहुत शौक था। उनके दादा केले की खेती करते थे। एमबीए करने के बाद कई अच्छी मल्टीनेशनल कंपनियों में नौकरी की। आज वह अपने बचपन के सपने को साकार करने में जुटी हैं। राजगढ़ ब्लॉक की वंदना सिंह भी ड्रैगन फ्रूट की खेती कर रही हैं। 

चार साल पहले आरंभ की ड्रैगन फ्रूट की खेती 
ड्रैगन फ्रूट की खेती लगभग चार पहले आरंभ हुई थी। राजगढ़ और शक्तेशगढ़ चुनार इलाके के किसानों ने उद्यान अधिकारी मेवाराम की पहल पर इसकी खेती की आरंभ की। बताया कि एक बीघे की खेती में प्रति वर्ष लगभग तीन लाख रुपये का लाभ होता है। पहले वर्ष की खेती पर तीन लाख रुपये का लगभग खर्च आता है। लाभ लागत से कहीं अधिक होता है। कम मेहनत में ज्यादा लाभ को देखकर खेती करने के लिए प्रति वर्ष किसान बढ़ रहे हैं। 

किसानों की आय हो रही दोगुनी 
जिले के किसानों की आय दोगुनी करने के साथ ही इसका सेवन कई रोगों के लिए रामबाण है। ड्रैगन फ्रूट पोषण से भरपूर तथा एंटी एलर्जी सहित कई गुणों से युक्त है। बड़े शहरों में इसकी सबसे ज्यादा मांग होती है। जिला उद्यान अधिकारी मेवाराम ने बताया कि एक फल का वजन भी आधा किलों के आसपास या उससे ज्यादा होता है। ड्रैगन फ्रूट मीरजापुर का हब बन गया है। किसानों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में लगभग 125 किसान ड्रैगन फ्रूट की खेती कर रहे हैं। इसमें से लगभग 30 लड़कियां और महिलाएं हैं।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse