टीम एबीएन, दुमका/ रांची। झारखंड के दुमका जिले में उस वक्त कोहराम मच गया जब एक तेल टैंकर में भीषण आग लग गई और तेल टैंकर ब्लास्ट हो गया। इस दौरान आसपास खड़ी 5 यात्री बसों में भी आग लग गई। इस हादसे में एक की घायल होने की सूचना मिली है। बताया जा रहा है कि वह बुरी तरह से झुलस गया है जबकि घटनास्थल से आधा किलोमीटर दूर एक शव भी मिला है। माना जा रहा कि विस्फोट के कारण यह शव उड़कर वहां चला गया होगा। शव की पहचान की जा रही है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंच गई है। घटना दुमका-हंसडीहा एनएच की है। दरअसल, आज यानी गुरुवार को सड़क गर्म होने के कारण तेल टैंकर के टायर में पहले आग लगी। इसके बाद टैंकर असंतुलित होकर पलट गया। इसके बाद आग लग गई। कुछ ही मिनट में टैंकर ब्लास्ट हो गया। वहां पर पास में एक लाइन होटल भी है। होटल के पास 5 यात्री बसें खड़ी थी। वह सारी बसें आग की चपेट में आ गई है। वहीं, इस विस्फोट के कारण 11 हजार करंट प्रवाहित बिजली का तार भी टूट कर गिर गया है। विस्फोट का मलबा एक किलोमीटर दूर तक जाकर गिरा है। आसपास के कई घरों को भी इससे काफी नुकसान हुआ है। कई घरों में आग लगने की सूचना आ रही है। चारों तरफ अफरा-तफरा का माहौल है। बताया जा रहा है कि जिन 5 यात्री बसों में आग लगी है, उनमें एक भी यात्री सवार नहीं थे। यह सभी यात्री बसें एक लाइन होटल पर ठहरी थीं। इनके यात्री भोजन करने के लिए बसों से उतर गए थे। केवल 1 व्यक्ति पूरी तरह से जला है। उसे पास के अस्पताल पहुंचा दिया गया है। वहीं, इस हादसे के बाद एनएच पर जेसीबी मशीन के जरिए सड़क से मलबा हटाने का काम जारी है। बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं। चारों तरफ धुआं ही धुआं है। जिन बसों में आग लगी है, उनके यात्री परेशान हैं। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि अब कैसे घर जाएंगे। स्थानीय प्रशासन से उन्होंने मदद की मांग की है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse