झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की स्थायी समिति की बैठक मे कई सेवाओं पर जोर

 

झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की स्थायी समिति की बैठक में जनसेवा, सदस्यता विस्तार और संगठनसुदृढ़ीकरण पर विशेष जोर 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की चतुर्थ स्थायी समिति की बैठक प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल की अध्यक्षता में मारवाड़ी भवन स्थित प्रांतीय कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, गत बैठक की कार्यवाही की पुष्टि तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के प्रारंभ में स्वागत संबोधन करते हुए प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल ने सम्मेलन द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक एवं जनसेवा कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने आगामी 19 जुलाई को देवघर में आयोजित होने वाली कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों एवं उसके महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला तथा सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। 

प्रांतीय महामंत्री विनोद कुमार जैन ने सम्मेलन की ओर से गत अवधि में किए गए विभिन्न सामाजिक, संगठनात्मक एवं सेवा कार्यों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। वहीं प्रांतीय कोषाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने पिछले आठ माह का आय-व्यय विवरण सदन के समक्ष रखा, जिस पर सदस्यों ने संतोष व्यक्त किया। बैठक के दौरान सम्मेलन के संविधान संशोधन से संबंधित विषयों पर भी गंभीरता से चर्चा की गयी। 

सदस्यों ने संगठन को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से कुछ त्रुटियों के सुधार हेतु आवश्यक निर्णय लिये। मौके पर सदस्यों ने दुमका शाखा ने एक साथ 101 जोड़ों के साथ नये सदस्यों को जोड़ने की उल्लेखनीय उपलब्धि की मुक्त कंठ से सराहना की तथा शाखा के पदाधिकारियों को बधाई दी। 

बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि राज्य के सभी जिलों में जनसेवा के कार्यक्रमों को और अधिक व्यापक स्तर पर संचालित किया जायेगा तथा संगठन के विस्तार के लिए वृहद सदस्यता अभियान चलाया जायेगा। बैठक का संचालन प्रांतीय महामंत्री विनोद कुमार जैन ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रांतीय वरीय उपाध्यक्ष ललित कुमार पोद्दार ने किया। 

मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि बैठक में कमल कुमार केडिया, ललित पोद्दार, पवन पोद्दार, मनोज चौधरी, पवन शर्मा, विनोद जैन, राजेंद्र केडिया, सज्जन पाड़िया, कौशल कुमार राजगढ़िया, प्रमोद कुमार सारस्वत, विश्वनाथ नारसरिया, निर्मल बुधिया, सुभाष पटवारी, संजय सर्राफ, रमन वोडा, विजय कुमार खोवाल, सुनील पोद्दार, प्रमोद बगड़िया, अमित बजाज, रिंकू अग्रवाल, कमल शर्मा, सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse