टीम एबीएन, रांची। वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने रविवार को दावा किया कि झारखंड में राज्यसभा की दोनों सीटों पर इंडिया गठबंधन की जीत तय है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गठबंधन के सभी 56 विधायकों की रविवार शाम बैठक बुलायी है, जिसमें राज्यसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा होगी। राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए कांग्रेस के पर्यवेक्षक भूपेश बघेल और अजय शर्मा ने रविवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की।
बैठक के बाद बघेल ने पत्रकारों से कहा कि दोनों सीटों को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ विस्तृत चर्चा हुई है। वह यहां सत्तारूढ़ गठबंधन के नेता हैं। उन्होंने गठबंधन के सभी 56 विधायकों की बैठक बुलायी है। हम भी उसमें मौजूद रहेंगे। इसके बाद सारी तस्वीर साफ हो जायेगी। उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा कि हम यहां दोनों सीटें जीतने जा रहे हैं।
सत्तारूढ़ गठबंधन के दोनों उम्मीदवार सोमवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। कांग्रेस ने शुक्रवार को वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी प्रणव झा को राज्यसभा की एक सीट के लिए उम्मीदवार घोषित किया था। वहीं, झारखंड मुक्ति मोर्चा ने पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम को उम्मीदवार बनाया है।
राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 1 जून से शुरू हो चुकी है और नामांकन की अंतिम तिथि 8 जून है। मतदान 18 जून को होगा। उधर, भारतीय जनता पार्टी ने एक सीट पर उम्मीदवार उतारने की घोषणा तो की है, लेकिन अभी नाम का ऐलान नहीं किया है। इन चुनावों में जीत के लिए किसी उम्मीदवार को कम से कम 28 प्रथम वरीयता मतों की आवश्यकता होगी।
गौरतलब है कि एक राज्यसभा सीट शिबू सोरेन के निधन के कारण रिक्त हुई है, जबकि दूसरी सीट पर भाजपा सांसद दीपक प्रकाश का छह वर्षीय कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse