एबीएन सोशल डेस्क। परम पूज्य डॉ संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज जी के पावन सानिध्य में एमआरएस श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम एवं श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर पुंदाग में रविवार को 269 वें श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का भव्य एवं श्रद्धामय आयोजन किया गया।
इस अवसर पर संपूर्ण मंदिर परिसर भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण से सराबोर रहा। हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान श्री राधा-कृष्ण के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया तथा महाप्रसाद ग्रहण कर स्वयं को धन्य महसूस किया। कार्यक्रम के दौरान भगवान श्री राधा-कृष्ण का दिव्य श्रृंगार किया गया।
विशेष रूप से श्री राधारानी को आकर्षक एवं मनोहारी आभूषणों तथा पुष्पों से अलंकृत किया गया, जिसकी भव्यता ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मंदिर में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं और पूरे दिन श्रद्धालुओं का आगमन निरंतर जारी रहा। दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडेय द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भगवान को महाप्रसाद अर्पित किया गया।
पूजा-अर्चना के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरण प्रारंभ हुआ। महाप्रसाद में मसालेदार वेजिटेबलखिचड़ी, ताजगी से भरपूर लीची शरबत, सत्तू पानी, शीतल जल एवं आलू चिप्स का वितरण किया गया। मंदिर परिसर में उपस्थित लगभग दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर ट्रस्ट के सुप्रसिद्ध भजन गायक मनीष सोनी ने अपने मधुर कंठ से एक से बढ़कर एक भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी।
उनके गाए भजनों- राधे-राधे बोल मनवा,राधे-राधे बोल,राधा नाम अमृत है प्यारा, जीवन कर दे अनमोल.. अन्नपूर्णा मैया की महिमा, जग में सबसे न्यारी, जो भी दर पर शीश झुकाए,भर दे झोली सारी.. राधे-कृष्ण की ज्योति जले, हर मन मंदिर में, प्रेम, दया और सेवा बरसे, जन-जन के अंतर में.. की मधुर स्वर लहरियों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे और पूरा वातावरण राधा-कृष्ण की भक्ति में डूब गया।
भजन-संध्या के उपरांत सामूहिक महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने एक स्वर में प्रभु का गुणगान कर आध्यात्मिक आनंद का अनुभव किया। ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि सुबह से लेकर देर शाम तक पांच हजार से अधिकश्रद्धालुओं ने भगवान श्री राधा-कृष्ण के दर्शन किये।
उन्होंने कहा कि मंदिर में प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक अन्नपूर्णा सेवा के अंतर्गत वेजिटेबल खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया जाता है, जिसमें प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु शामिल होकर प्रसाद ग्रहण करते हैं। यह सेवा मानवता, परोपकार और सनातन संस्कृति के मूल्यों को सुदृढ़ करने का एक निरंतर प्रयास है।
इस अवसर पर- डूंगरमल अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, मनोज चौधरी, सज्जन पाड़िया, पूरणमल सर्राफ, सुरेश अग्रवाल, अरविंद अग्रवाल, संजय सर्राफ, विष्णु सोनी, पवन पोद्दार, सुरेश भगत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ट्रस्ट सदस्य उपस्थित रहे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse