टीम एबीएन, रांची। झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने मंगलवार को कक्षा 11वीं की परीक्षा 2026 का परिणाम आधिकारिक रूप से घोषित कर दिया। परीक्षा का आयोजन राज्यभर में 25 फरवरी से 28 फरवरी 2026 के बीच किया गया था। परिणाम की घोषणा जैक के अध्यक्ष डॉ नटवा हांसदा ने परिषद मुख्यालय, रांची में की। मौके पर परिषद के सचिव, परीक्षा नियंत्रक और वरिष्ठ सूचना पदाधिकारी भी मौजूद थे।
इस साल कक्षा 11वीं का परिणाम काफी बेहतर रहा। कुल 3,61,683 विद्यार्थियों का नामांकन हुआ था, जिनमें से 3,58,533 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 3,55,399 विद्यार्थियों को प्रोन्नत किया गया। इस तरह कुल पास प्रतिशत 99.12 रहा, जो पिछले साल के मुकाबले अधिक है। पिछले साल यह आंकड़ा करीब 98% था।
जैक के आंकड़ों के अनुसार, इस बार सभी जिलों और विभिन्न डिवीजनों में छात्रों का प्रदर्शन संतोषजनक रहा है। अधिकांश विद्यालयों में रिजल्ट बेहतर रहा, जिससे शिक्षा व्यवस्था में सुधार के संकेत मिल रहे हैं। उच्च पास प्रतिशत से छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों में उत्साह का माहौल है।
परिणाम जारी करते हुए जैक अध्यक्ष डॉ नटवा हांसदा ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। साथ ही उन्होंने परीक्षा के सफल संचालन में जिला शिक्षा पदाधिकारियों, स्कूल प्राचार्यों और परीक्षा कर्मियों के योगदान की सराहना की।
अध्यक्ष ने उन छात्रों को भी प्रोत्साहित किया जो किसी कारणवश कम अंक ला पाये हैं या परीक्षा में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि ऐसे विद्यार्थियों के लिए आगे भी अवसर उपलब्ध रहेंगे और उन्हें निरंतर मेहनत करते रहना चाहिए।
जैक ने यह भी संकेत दिया है कि कक्षा 8वीं और 9वीं के परिणाम इसी सप्ताह जारी किये जा सकते हैं। वहीं मैट्रिक (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) के परिणाम अगले सप्ताह घोषित होने की संभावना है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse