रांची में विवि में शैक्षणिक अव्यवस्था पर आजसू छात्र संघ में आक्रोश

 

टीम एबीएन, रांची। आजसू छात्र संघ, रांची विश्वविद्यालय इकाई द्वारा विश्वविद्यालय में व्याप्त शैक्षणिक अव्यवस्था को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया है। छात्र संघ ने कहा है कि विगत लगभग 2 वर्षों से स्नातक सत्र लगातार लेट चल रहा है, जिससे हजारों छात्र-छात्राओं का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। 

छात्र नेताओं ने बताया कि सत्र लेट होने के कारण छात्रों को समय पर परीक्षा, परिणाम एवं आगे की पढ़ाई में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। 

इसके साथ ही, पीजी नामांकन सत्र (2025-27) का अब तक प्रारंभ नहीं होना भी गंभीर चिंता का विषय है। झारखंड के सबसे बड़े विश्वविद्यालय में एक भी छात्र का पीजी में नामांकन नहीं हो पाना, प्रशासन की लापरवाही और उदासीनता को दर्शाता है। 

आजसू छात्र संघ ने विश्वविद्यालय प्रशासन, कुलपति एवं डीएसडब्ल्यू से मांग की है कि स्नातक सत्र को शीघ्र नियमित किया जाए। पीजी सत्र 2025-27 का नामांकन अविलंब प्रारंभ किया जाए। 

छात्र संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आजसू छात्र संघ विश्वविद्यालय प्रशासनिक भवन में अनिश्चितकालीन तालाबंदी करने को बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी। 

अंत में छात्र संघ ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और छात्र-हित में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस मौके पर छात्र संघ के प्रतिनिधि ओम वर्मा (प्रदेश अध्यक्ष), बबलू महतो (कार्यकारी अध्यक्ष) एवं छात्र नेता अमन साहू, राज मजूमदार, योगेश महतो, यश सोनी, आशीष कुमार उपस्थित रहे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse