टीम एबीएन, रांची। रांची रेलवे स्टेशन पर शनिवार शाम एक गंभीर हादसा हो गया, जिसमें एक युवक ट्रेन की छत पर चढ़ने के कारण हाईटेंशन ओवरहेड तार की चपेट में आ गया। इस घटना से प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गयी। प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर खड़ी दिल्ली जाने वाली स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 02877) की छत पर अचानक एक युवक चढ़ गया।
जैसे ही वह ऊपर खड़ा हुआ, उसका शरीर 25 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज आवाज के साथ चिंगारी निकली और युवक बुरी तरह झुलस गया। हादसे के बाद प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्री इधर-उधर भागने लगे।
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने ट्रैक की बिजली आपूर्ति तत्काल बंद करायी। इसके बाद युवक को सावधानी से ट्रेन की छत से नीचे उतारा गया।
रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी एवं सीनियर डीसीएम शुचि सिंह ने बताया कि बिजली के तेज झटके से युवक गंभीर रूप से झुलस गया है। उसे तत्काल एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर उसकी हालत गंभीर बता रहे हैं।
आरपीएफ टीम के अनुसार, एक व्यक्ति फुट ओवर ब्रिज से ट्रेन की छत पर कूद गया। कुछ दूरी आगे बढ़ने के बाद वह ओवरहेड विद्युत तार की चपेट में आ गया। घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और रेलवे कर्मियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की तथा घायल व्यक्ति को रेलवे एंबुलेंस से उपचार के लिए रेलवे अस्पताल भेज दिया गया।
युवक की पहचान अभी तक नहीं हो पायी है और वह ट्रेन की छत पर कैसे पहुंचा, इसकी जांच जारी है। रेलवे अधिकारियों ने ऐसी लापरवाही पर चेतावनी जारी की है, क्योंकि हाईटेंशन तार से संपर्क बेहद खतरनाक होता है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse