टीम एबीएन, रांची। झारखंड के रांची के लोग रसोई गैस की बुकिंग न होने से परेशान हैं। शुक्रवार को कई लोग अलग-अलग माध्यमों से बुकिंग करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन बड़ी मुश्किल से ही सिलेंडर मिल पा रहे थे।
इंडेन ने शहर की अलग-अलग एजेंसियों के दो-दो नंबर जारी किये थे, ताकि ग्राहक आसानी से संपर्क कर सकें, लेकिन शुक्रवार को ज्यादातर नंबर काम नहीं कर रहे थे। किसी का नंबर स्विच आफ था, किसी का नेटवर्क से बाहर का संदेश आ रहा था, जबकि कई नंबर व्यस्त मिले। जिन एजेंसियों ने फोन उठाया, उन्होंने कहा कि अभी बुकिंग नहीं ली जा रही।
मैनुअल बुकिंग भी एजेंसियां नहीं कर रही। हर एजेंसी के शोरूम में फील्ड आफिसर का नंबर उपलब्ध है। किसी भी शिकायत के लिए उनसे संपर्क किया जा सकता है। रांची में इंडेन के फील्ड आफिसर हैं: पूजा महेश (9492891671) और हर्ष रंजन (8340505205)। कुछ एजेंसियों ने ग्राहकों के कार्ड देखकर ही गैस डिलीवरी दी। कंपनी ने एजेंसियों को फॉर्मेट दिया है, जिसमें ग्राहक संख्या, अंतिम रिफिल और वर्तमान डिलीवरी की जानकारी दर्ज करनी होती है।
वहीं, कुछ ग्राहक अंतिम डिलीवरी के रिकॉर्ड में बदलाव कर रहे हैं, जिससे एजेंसियों को परेशानी हो रही है। गैस के लिए शुक्रवार को भी लोग परेशान रहे। एजेंसियों के शोरूम और गोदामों के बाहर लंबी लाइनें लगी रहीं। कुछ जगहों पर ट्रक और आॅटो से डिलीवरी की गई। लोगों को घंटों धूप में खड़ा रहकर गैस लेने को मजबूर होना पड़ा।
गैस कंपनियों का सर्वर शुक्रवार को पूरी तरह ठप था। इस वजह से एजेंसियों को स्टॉक मिलान में समस्या आ रही है। एजेंसियों का कहना है कि सर्वर ठीक नहीं होने के कारण उन्हें पता नहीं चल पा रहा कि कितना स्टॉक आया और कितना गया। इस समय किसी को नया गैस कनेक्शन नहीं मिल रहा है। लोग फॉर्म भरकर भी घर लौट रहे हैं। सर्वर खराब होने के कारण मोबाइल नंबर, गैस ट्रांसफर और पता बदलने जैसे कई काम भी ठप हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse