एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा/कोलकाता। पश्चिम बंगाल में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस पार्टी ने भी चुनावी रणनीति को मजबूत करने के उद्देश्य से नवनियुक्त पर्यवेक्षकों की महत्वपूर्ण बैठक कोलकाता स्थित बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमिटी भवन में आयोजित की। बैठक में विभिन्न जिलों के लिए नियुक्त पर्यवेक्षकों के साथ चुनावी तैयारियों, संगठन की मजबूती और जमीनी स्तर पर पार्टी की स्थिति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव कांग्रेस पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और पार्टी पूरे दमखम के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य आम जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाना और संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाना है।
धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता हमेशा से जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष करते रहे हैं। आने वाले चुनाव में भी पार्टी जनता के विश्वास को जीतने के लिए पूरी ताकत से काम करेगी। उन्होंने सभी नवनियुक्त पर्यवेक्षकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर संगठन को मजबूत करें और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का काम करें।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की सबसे पुरानी और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाली पार्टी है। जनता के हित, विकास और सामाजिक न्याय को प्राथमिकता देना ही कांग्रेस की पहचान रही है। पश्चिम बंगाल में भी पार्टी इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।
बैठक में मौजूद नेताओं और पर्यवेक्षकों ने चुनाव को लेकर अपने-अपने सुझाव भी साझा किए। साथ ही आगामी चुनाव को लेकर संगठनात्मक रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। कांग्रेस नेताओं ने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन से पार्टी पश्चिम बंगाल में बेहतर प्रदर्शन करेगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse