टीम एबीएन, रांची। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के गणतंत्र दिवस परेड शिविर 2026 में झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले एनएसएस दल ने आज लोक भवन, रांची में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार जी से शिष्टाचार मुलाकात की। यह मुलाकात अत्यंत सौहार्दपूर्ण एवं प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुई।
झारखंड का यह एनएसएस दल 1 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित प्रतिष्ठित गणतंत्र दिवस परेड शिविर 2026 में सम्मिलित हुआ था। इस शिविर में देशभर से चयनित एनएसएस स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
शिविर के दौरान स्वयंसेवकों को अनुशासन, नेतृत्व, राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक समन्वय एवं व्यक्तित्व विकास से संबंधित विभिन्न गतिविधियों एवं प्रशिक्षण सत्रों में भाग लेने का अवसर प्राप्त हुआ। 26 जनवरी को आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में उनकी गरिमामयी उपस्थिति राज्य के लिए गौरव का विषय रही।
परेड के उपरांत परंपरानुसार झारखंड एनएसएस दल ने माननीय राज्यपाल महोदय से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर श्री विनय कुमार, क्षेत्रीय निदेशक, एनएसएस (झारखंड एवं बिहार), भारत सरकार युवा कार्यक्रम खेल मंत्रालय श्री ब्रजेश कुमार, राज्य एनएसएस समन्वयक, श्री प्रियव्रत मंडल, युवा अधिकारी, तथा श्री दीपक मंडल, युवा सहायक उपस्थित थे।
राज्यपाल ने सभी स्वयंसेवकों को गणतंत्र दिवस परेड शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु हार्दिक बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में अनुशासन, सेवा भाव, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने का एक सशक्त माध्यम है।
उन्होंने स्वयंसेवकों को समाज सेवा, राष्ट्र निर्माण एवं सकारात्मक नेतृत्व के मार्ग पर निरंतर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया। राज्यपाल के प्रेरक शब्दों एवं आशीर्वाद से सभी स्वयंसेवक उत्साहित एवं गौरवान्वित महसूस कर रहे थे। यह मुलाकात उनके लिए न केवल सम्मान का विषय रही, बल्कि भविष्य में उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा का स्रोत भी बनी। एनएसएस परिवार के लिए यह अवसर अत्यंत गौरवपूर्ण एवं स्मरणीय रहा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse