टीम एबीएन, रांची। रांची स्थित रिम्स अस्पताल में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब इलाज के दौरान एक बाल कैदी सुरक्षा कर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और पुलिस महकमे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और बाल कैदी की तलाश तेज कर दी गयी है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, फरार बाल कैदी डूमरदगा स्थित बाल सुधार गृह में निरुद्ध था। उसे चोरी के एक मामले में निरुद्ध किया गया था। दो दिन पहले अचानक पेट दर्द की शिकायत के बाद उसे इलाज के लिए रिम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसकी निगरानी के लिए सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई थी, लेकिन मंगलवार की सुबह बाल कैदी ने सुरक्षा में चूक का फायदा उठाकर फरार होने में सफलता हासिल कर ली।
बताया जा रहा है कि बाल कैदी ने वॉशरूम जाने का बहाना बनाया और इसी दौरान मौके से भाग निकला। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल उसकी तलाश शुरू की, लेकिन तब तक वह अस्पताल परिसर से बाहर निकल चुका था। इसके बाद पूरे मामले की सूचना वरीय पुलिस अधिकारियों को दी गयी।
रांची के सदर डीसीपी संजीव बेसरा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बाल कैदी के फरार होने की सूचना वॉशरूम जाने के बहाने मिली है। उन्होंने कहा कि बाल कैदी चोरी के एक मामले में बाल सुधार गृह में निरुद्ध था और बीमारी के कारण उसे रिम्स में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान सुरक्षा में लापरवाही की आशंका जतायी जा रही है।
मामले की जांच की जा रही है और यह भी देखा जा रहा है कि ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों से कहां चूक हुई। वहीं पुलिस ने अस्पताल परिसर और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों को अलर्ट कर दिया गया है। बाल कैदी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse