एबीएन सेंट्रल डेस्क। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कल यानी रविवार को तीन दिवसीय दौरे पर झारखंड आ रही हैं। वह कल शाम करीब छह बजे विशेष विमान से रांची के भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगी और वहां से सीधे राजभवन जाएंगी, जहां उनका रात्रि विश्राम निर्धारित है। सोमवार 29 दिसंबर को सुबह नौ बजे राष्ट्रपति हेलीकॉप्टर से जमशेदपुर के लिए रवाना होंगी।
जमशेदपुर में वह राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। इसके बाद राष्ट्रपति जमशेदपुर के जाहेर स्थान में आयोजित ओलचिकी लिपि के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित विशेष जनजातीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगी। कार्यक्रमों के समापन के बाद वह शाम को वापस रांची लौटेंगी और राजभवन में विश्राम करेंगी।
मंगलवार 30 दिसंबर को राष्ट्रपति मुर्मू गुमला जिले के दौरे पर जायेंगी। यहां रायडीह प्रखंड में आयोजित अंतरराज्यीय जन सांस्कृतिक समागम कार्तिक जतरा 2025 में वह मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगी। इस कार्यक्रम में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल उरांव और एसटी-एससी विषयक संसदीय समिति के अध्यक्ष फगन सिंह कुलस्ते की उपस्थिति भी प्रस्तावित है।
समारोह के बाद दोपहर करीब 2.30 बजे राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर रांची लौटेगा, जहां से वह दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी। वहीं, राष्ट्रपति के झारखंड दौरे को लेकर राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर शहर के कई इलाकों को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। राष्ट्रपति के आगमन और कार्यक्रमों को देखते हुए 28 से 30 दिसंबर तक रांची शहर की यातायात व्यवस्था में कई महत्वपूर्ण बदलाव किये गये हैं।
इस दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर मालवाहक और सवारी वाहनों के प्रवेश और परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गयी है। इस संबंध में रांची पुलिस ने शनिवार को विस्तृत आदेश जारी कर दिया है।
28 दिसंबर को शाम चार बजे से रात 8.30 बजे तक रांची शहर में सभी छोटे-बड़े मालवाहक वाहनों, बसों और सवारी वाहनों का प्रवेश और परिचालन वर्जित रहेगा। इस दौरान भारी मालवाहक वाहन रिंग रोड से होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। रातू और काठीटांड की ओर जाने वाले वाहन कांके रिंग रोड के रास्ते आवागमन करेंगे।
इसके अलावा हिनू चौक, बिरसा चौक, एचईसी गेट, अरगोड़ा चौक, सहजानंद चौक, किशोरगंज चौक, न्यू मार्केट चौक, हॉटलिप्स चौक, राम मंदिर चौक, एटीआई मोड़, रणधीर वर्मा चौक, एसएसपी आवास से लोक भवन तक दोपहर दो बजे से रात 8.30 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
29 दिसंबर को सुबह सात बजे से 11 बजे तक और शाम चार बजे से रात 8.30 बजे तक शहर में सभी बड़े-छोटे मालवाहक वाहनों, बसों और सवारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। नया सराय रिंग रोड से रामपुर चौक रिंग रोड तक बड़े वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। जमशेदपुर और बुंडू की ओर से आने वाले वाहन रिंग रोड से टाटीसिल्वे होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे, जबकि रांची से जमशेदपुर जाने वाले वाहन दुर्गा सोरेन चौक से टाटीसिल्वे होते हुए रिंग रोड का उपयोग करेंगे।
30 दिसंबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक शहर में सभी प्रकार के मालवाहक और सवारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। इस दौरान भी भारी वाहन रिंग रोड का उपयोग कर सकेंगे। रांची पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse