रांची : संत कबीर दास जयंती पर उमड़ा आस्था का सैलाब

 

श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर में 272वें अन्नपूर्णा महाप्रसाद में हजारों श्रद्धालुओं ने किया प्रसाद ग्रहण 

टीम एबीएन, रांची। परम पूज्य डॉ संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज जी के पावन सान्निध्य में एमआरएस श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम एवं श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में संत कबीर दास जयंती श्रद्धा, भक्ति एवं सेवा भाव के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनायी गयी। पूरे दिन मंदिर परिसर आध्यात्मिक वातावरण, भक्ति संगीत एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति से गुंजायमान रहा।

मौके पर ट्रस्ट की ओर से 272 वें श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का भव्य आयोजन किया गया। मंदिर में विराजमान श्री राधा रानी का नवीन दिव्य वस्त्रों एवं आकर्षक आभूषणों से अलौकिक श्रृंगार किया गया। मनोहारी स्वरूप के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और पूरा मंदिर परिसर भक्तिरस में सराबोर हो गया।

दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच लड्डू, फल, खिचड़ी, मेवा सहित विविध प्रकार के महाप्रसाद का विधिवत भोग भगवान को अर्पित किया। भोग के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच मसालेदार वेजिटेबल खिचड़ी, शर्बत एवं आलू चिप्स का वितरण किया गया। मंदिर परिसर में उपस्थित दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद ग्रहण किया, जबकि दिनभर में चार हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन एवं पूजा-अर्चना का पुण्य लाभ प्राप्त किया।

आयोजन के दौरान आयोजित भजन-संध्या ने पूरे वातावरण को और अधिक भक्तिमय बना दिया। ट्रस्ट के भजन गायक मनीष सोनी ने संत कबीर दास, प्रभु श्याम एवं श्री राधा-कृष्ण की महिमा पर आधारित सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर भक्ति में झूम उठे। 

कार्यक्रम में ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता संजय सर्राफ ने संत कबीर दास के जीवन, उनके आध्यात्मिक संदेशों तथा सामाजिक समरसता, प्रेम, सत्य एवं मानवता के प्रति उनके अमूल्य योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संत कबीर दास ने जाति-पांति, ऊंच-नीच एवं सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर मानव मात्र को प्रेम, सद्भाव, सत्य और ईश्वर भक्ति का संदेश दिया, जो आज भी समाज के लिए उतना ही प्रासंगिक है।

मौके पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, निर्मल जालान, राजेंद्र अग्रवाल, मनोज चौधरी, सज्जन पाड़िया, सुरेश अग्रवाल, पूरणमल सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल, मधुसूदन जाजोदिया, नंदकिशोर चौधरी, अरविंद अग्रवाल, प्रभास गोयल, पवन अग्रवाल, संजय सर्राफ, सुरेश चौधरी, अंजनी अग्रवाल, विष्णु सोनी, पवन पोद्दार, सुरेश भगत, ज्ञान चंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse