एबीएन न्यूज नेटवर्क, गढ़वा। जिले में चोरी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां चोरों ने नकदी या सामान्य सामान नहीं, बल्कि महंगी ब्रांडेड अंग्रेजी शराब की बड़ी मात्रा पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस जांच में जुट गई है।
जिले के कांडी प्रखंड मुख्यालय में स्थित एक लाइसेंसी अंग्रेजी शराब दुकान में चोरी की बड़ी वारदात हुई है। अज्ञात चोरों ने देर रात दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
चोरों ने पहले शटर काटा और फिर स्टॉक रूम का ताला तोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने सिर्फ महंगी ब्रांडेड शराब की पेटियां चुराईं और बाकी सामान को हाथ भी नहीं लगाया।
बताया जा रहा है कि चोरों ने करीब 29 से 30 पेटी शराब चोरी की है, जिनमें सिग्नेचर और ब्लेंडर्स प्राइड जैसे ब्रांड शामिल हैं। चोरी गई शराब की कीमत लगभग 3 लाख 7 हजार 200 रुपये बताई जा रही है।
सुबह जब दुकान संचालक दुकान खोलने पहुंचे तो उन्हें ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर पता चला कि कई पेटियां गायब हैं। इसके बाद तुरंत पुलिस और उत्पाद विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद ली है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। वहीं, उत्पाद विभाग ने भी चोरी की पुष्टि करते हुए जांच जारी रखने की बात कही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस इलाके में पहले भी कई चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस के लिए यह मामला एक बड़ी चुनौती माना जा रहा है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse