श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर मे रंग रंगीलो होली मिलन कार्यक्रम का भव्य आयोजन

 

टीम एबीएन, रांची। परमहंस हिन्दू रत्न से अलंकृत डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद जी महाराज के पावन आशीर्वाद से संचालित एमआरएस श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के अंतर्गत कार्यरत सामाजिक संस्था श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम द्वारा पुंदाग, राँची स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में फाल्गुन रंग रंगीलो होली मिलन कार्यक्रम का भव्य एवं भक्तिमय आयोजन किया गया। 

कार्यक्रम में श्रद्धा, उल्लास और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। फाल्गुन मास की मधुर बेला में सुसज्जित मंदिर प्रांगण भक्तों से भरा रहा। इस अवसर पर श्री राधा रानी का आकर्षक आभूषणों एवं रंग-बिरंगी पोशाकों से अलौकिक श्रृंगार किया गया, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। राधा-कृष्ण की जीवंत झांकियों ने ब्रज की होली की अनुपम छटा को साकार कर दिया। 

वातावरण में गुलाल की सुगंध और पुष्पों की वर्षा ने कार्यक्रम को और भी दिव्य बना दिया।महिला समिति द्वारा आयोजित भजन संध्या में भक्तिमय गीतों की ऐसी रसधार बही कि पूरा मंदिर परिसर राधे-राधे और जय श्री श्याम के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। महिलाएं श्री राधा-कृष्ण की होली के पारंपरिक एवं रसिया भजनों पर भाव-विभोर होकर झूम उठीं। 

फूलों की होली ने कार्यक्रम में ब्रज संस्कृति की सजीव अनुभूति कराई, जहां श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे पर पुष्प अर्पित कर प्रेम और सद्भाव का संदेश दिया।मंदिर के पुजारी पंडित अरविंद पांडे ने पूरे विधि-विधान से पूजन-अर्चन संपन्न कराया तथा श्री विग्रह को महाभोग अर्पित किया। तत्पश्चात सामूहिक महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर प्रभु से सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की। 

महाआरती के उपरांत प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में धार्मिक चेतना, सांस्कृतिक मूल्यों एवं आपसी प्रेम-सौहार्द को सुदृढ़ करना रहा। महिला समिति की सक्रिय भागीदारी ने यह सिद्ध किया कि आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यों में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा है फाल्गुन रंग रंगीला होली मिलन का यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि समाज को एकता, प्रेम और भाईचारे का संदेश भी दे गया। उन्होंने बताया कि 27 फरवरी को मंदिर में फाल्गुन रंगभरी आमलकी एकादशी के अवसर पर कई धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। 

मौके पर विधा देवी अग्रवाल, प्रमिला पुरोहीत, बिमला जालान, शोभा जालान, सीता शर्मा, बिमला मिश्रा, रश्मी जालान, कविता गाड़ोदिया, उर्मिला पाड़िया, दीपिका मोतिका, सरोज पोद्दार, मंगला मोदी, आशा मुंजाल, प्रमिला महलका, ललिता पोद्दार, ललिता अग्रवाल, रेखा पोद्दार, संतोष देवी अग्रवाल, सत्यभामा खेतान, नन्द रानी पाठक, आशा मिश्रा, उमा पोद्दार, भगवती देवी, सहित बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित थे। उक्त जानकारी श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ  ने दी।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse