टीम एबीएन, रांची। रांची के ऐतिहासिक मोराबादी मैदान में इस बार स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बिना आयोजित होगा। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) प्रवक्ता मनोज पांडेय ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री 15 अगस्त को अपने दिवंगत पिता और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के श्राद्धकर्म में व्यस्त रहेंगे। वे 16 अगस्त को रांची लौटेंगे।
आमतौर पर मोराबादी मैदान में स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री ही ध्वजारोहण करते हैं और राज्यवासियों को संबोधित करते हैं। लेकिन इस बार उनकी अनुपस्थिति में झंडोत्तोलन की जिम्मेदारी किसी अन्य मंत्री को दी जायेगी। सूत्रों के मुताबिक, यह जिम्मा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू या मंत्री दीपिका पांडेय सिंह को सौंपी जा सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
राज्य सरकार की ओर से मुख्य समारोह की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बरतते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की है। कार्यक्रम में स्कूलों के बच्चे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे, जबकि पुलिस, अर्धसैनिक बलों और एनसीसी की टुकड़ियां परेड में शामिल होंगी।
मोराबादी मैदान में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह झारखंड की परंपरा का हिस्सा है। हर साल मुख्यमंत्री यहां ध्वजारोहण करते हैं, लेकिन इस बार बाबा शिबू सोरेन के निधन के बाद हो रहे श्राद्धकर्म के कारण मुख्यमंत्री की गैरमौजूदगी में यह परंपरा एक अपवाद के साथ निभायी जायेगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse