टीम एबीएन, साहिबगंज/ रांची। जिला के उधवा प्रखंड में फाइलेरिया की दवा खाने से लगभग 40 बच्चों के बीमार होने का मामला सामने आया है। मामला सामने आने के बाद आनन-फानन में बच्चों को अनुमंडलीय अस्पताल राजमहल में भर्ती कराया गया। फिलहाल, बच्चों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। मामला बाबुटोला प्राथमिक विद्यालय हरेराम टोला का है।
शुक्रवार रात करीब 9 बजे अचानक गांव के बच्चों को लेकर एक के बाद एक, कुल 7 एंबुलेंस अनुमंडलीय अस्पताल राजमहल पहुंचे। 32 बच्चों को पीड़ित अवस्था में अस्पताल में भर्ती किया गया। एक पीड़ित बच्चे अयान आलम के पिता दाऊद शेख ने बताया कि शुक्रवार को स्कूल में बच्चों को फाइलेरिया रोधी दवा बताकर जबरन 3-3 गोली खिलायी गयी है।
अभिभावक दाऊद शेख ने बताया कि दवा नहीं खाने पर बच्चों को थप्पड़ मारने की धमकी दी गयी, जिसके बाद बच्चों ने डर से दवा खा ली। दवा खाने के बाद से ही कुछ बच्चे पेट दर्द तो कुछ उल्टी के शिकार होने लगे। कुछ बच्चों के सिर में भी दर्द होने लगा और वे कुछ देर के लिए बेहोश हो गये। उसके बाद स्थानीय अस्पताल में बच्चों का इलाज करवाया गया, लेकिन राहत नहीं मिली। जिसके बाद सभी को अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बच्चों का इलाज चल रहा है। हालांकि, डॉक्टर उदय ने बताया कि सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं। घबराने की जरूरत नहीं है।
मालूम हो कि साहिबगंज में फाइलेरिया उन्मूलन के तहत अभियान की शुरुआत की गयी है। यह अभियान 10 फरवरी को शुरू हुआ, जो 25 फरवरी तक चलेगा। अभियान के तहत ही आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों में बच्चों को फाइलेरिया रोधी दवा खिलायी गयी। इसी दौरान दवा खाते ही बाबुटोला प्राथमिक विद्यालय में बच्चों की तबीयत बिगड़ गयी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse