बस्ती। गुरुवार सुबह भीषण हादसे में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर एनएच-28 पर एक होटल के पास खड़े कंटेनर में पीछे से जा घुसी। रफ्तार इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची सुरक्षित बची है। चालक की हालत गंभीर है। उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। घायलों का ठीक तरह से इलाज और प्रभावितों को हरसंभव मदद और राहत देने के निर्देश दिए हैं। गैस कटर से काटकर कार में फंसे सभी के शव को बाहर निकाला गया। कार में चालक सहित 7 लोग सवार थे, जिसमें एक ही परिवार के 6 लोग थे। इसमें अनम (13) सुरक्षित बच गई है। मरनेवालों में अब्दुल अजीज (50) पुत्र जहूर, नरगिस तवस्सुम (48) पत्नी अब्दुल अजीज, एनम (18) पुत्री अब्दुल अजीज, तिउरा (10) पुत्री अब्दुल अजीज, सुबा (6) पुत्री अब्दुल अजीज। मूलरूप से बिहार राज्य के भागलपुर के निवासी 50 वर्षीय अब्दुल अजीज लखनऊ के शारदा नगर में पत्नी और 4 बेटियों के साथ रहते थे। यहां प्रापर्टी डीलिंग का काम करते थे। अब्दुल का ससुराल झारखंड में है। सास की मौत की खबर मिली तो परिवार के साथ भोर में ही निकल पड़े। शारदानगर का ही रहने वाला अभिषेक गाड़ी चला रहा था। सुरक्षित बची अनम (13) ने बताया हम सो रहे थे। अचानक तेज आवाज के साथ टक्कर हो गई। अम्मी, अब्बू और हम सब फंस गए थे। चारो तरफ खून ही खून था। कोई बोल नहीं पा रहा था। हमें निकाला गया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse