टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी रांची के नामकुम इलाके के जामुन टोली में शनिवार सुबह करीब 5 बजे डायन बिसाही के आरोप में एक महिला की निर्मम हत्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक जब मृतका सुबह 5 बजे घर के बाहर चापाकल के पास बर्तन धो रही थी, तभी आरोपी बोसा देवी ने उसके गले और सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिससे सीमा देवी की मौत हो गई। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे के सामान को बरामद कर लिया। साथ ही आरोपी बासो देवी को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बताया कि मृतका जादू-टोना करती थी, जिसकी वजह से बीते कुछ वर्षों में उसके परिवार के कई सदस्यों की मौत हो गई। बेटा देवेंद्र एक महीने से बीमार है। बेटे की मानसिक स्थिति भी खराब हो गई है। पंचायत के मुखिया नन्हें कश्यप ने कहा कि गांव में अंधविश्वास ही लोगों की जान ले रही है। उनके द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा है कि लोगों को जागरूक किया जाए। बता दें कि झारखंड के विभिन्न जिलों में सरकार द्वारा ग्रामीण इलाकों में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूकता फैलाई जा रही है। बावजूद इसके अंधविश्वास के चक्कर में ऐसी घटनाएं सामने आती रहती हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse