टीम एबीएन, पलामू। पलामू प्रमंडल क्षेत्र में अवैध खनन एवं परिवहन पर शीघ्र रोक लगाना सुनिश्चित करें। कहीं से भी किसी भी स्तर पर अवैध खनन व परिवहन की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। अवैध खनन एवं परिवहन में पदाधिकारियों की संलिप्तता सामने आने पर उनके विरूद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। यह बातें आयुक्त जटा शंकर चौधरी ने कहीं। वे आज आयुक्त कार्यालय में खनन विभाग के कार्यों की प्रमंडल स्तरीय समीक्षा कर रहे थे। आयुक्त ने कहा कि स्थानीय जिला खनन पदाधिकारी के साथ-साथ अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं स्थानीय पुलिस पदाधिकारियों की सहयोगात्मक रवैया से अवैध खनन एवं परिवहन पर पूर्ण रोक संभव है। समन्वय स्थापित कर अवैध खनन एवं परिवहन पर रोक लगाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी को उनके क्षेत्र के लिए खनन विभाग द्वारा खनन संबंधी मामलों में कार्रवाई के लिए सक्षम पदाधिकारी घोषित किया गया है, ताकि वे अवैध खनन एवं परिवहन को रोकने एवं इसमें संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करने में सक्षम हो सके। उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारियों से अवैध खनन एवं परिवहन पर अबतक किए गए कार्रवाई की सूची उपलब्ध कराने का निदेश दिया है, ताकि यह पता चल सके कि अवैध खनन को रोकने के लिए उनके द्वारा क्या प्रयास या कार्रवाई की गई, कितनी प्राथमिकी दर्ज की गई एवं जो प्राथमिकी दर्ज हुए हैं उनकी अद्यतन स्थिति क्या है ? उन्होंने पुलिस अधीक्षक के स्तर पर भी थानों से सूची मंगाने की बातें कहीं, ताकि जो प्राथमिकी दर्ज हुए हैं, उसमें पुलिस के स्तर से अबतक हुए कार्रवाई की अद्यतन जानकारी प्राप्त हो सके। आयुक्त ने कहा कि अवैध खनन एवं परिवहन को लेकर थानों में दर्ज प्राथमिकी के बावजूद अगर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई नहीं हुई है, तो यह गंभीर बात है। इससे अवैध खनन एवं परिवहन कार्य में लिप्त व्यक्तियों का मनोबल बढ़ेगा और फिर से वे इस कार्य को करेंगे। ऐसे में इनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए रोक लगाने की आवश्यकता है। आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि किन पदाधिकारियों की गलती से अवैध खनन एवं उसका परिवहन हो रहा है। इसकी भी पहचान की जा रही है। ऐसे चिह्नित दोषी पदाधिकारियों के खिलाफ भी करवाई की जाएगी। आयुक्त ने कहा है कि जिला परिवहन पदाधिकारियों को अवैध खनन एवं परिवहन में लगे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनका रजिस्ट्रेशन रद्द करने की कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। उन्होंने परिवहन पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि अवैध खनन एवं परिवहन कार्य से जुड़े अबतक जिन वाहनों को जब्त किया गया, उनके विरुद्ध क्या कार्रवाई की गई? साथ ही बिना रजिस्ट्रेशन के धराए वाहनों के विरुद्ध क्या कार्रवाई हुई? इसकी विस्तृत विवरणी तैयार कर उपलब्ध करायेंगे। बैठक में खनन विभाग, पलामू अंचल के उप निदेशक संजीव कुमार एवं पलामू तथा लातेहार के खनन पदाधिकारी आनंद कुमार एवं गढ़वा जिले के रंजीत कुमार उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse