एशिया कप हॉकी : 58 मिनट तक बढ़त के बावजूद भारत को पाकिस्तान ने 1-1 की बराबरी पर रोका

 

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। एशिया कप हॉकी में डिफेंडिंग चैंपियन टीम इंडिया ने अपने अभियान की शुरुआत ड्रॉ से की है। पहले मैच में पाकिस्तान ने भारत को 1-1 की बराबरी पर रोक दिया। तीसरे क्वार्टर यानी 45 मिनट तक टीम इंडिया 1-0 से आगे चल रही थी। चौथे क्वार्टर में 58 मिनट तक भी स्कोर 1-0 से भारत के पक्ष में था। इसके बाद आखिरी एक मिनट (59वें) में पाकिस्तान ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दाग स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। पहला क्वार्टर : भारत ने पाकिस्तान पर पहले क्वार्टर में ही 1-0 की बढ़त बना ली थी। नौवें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर भारत के सेल्वम कार्थी ने हिट लगाया, जो पाकिस्तानी डिफेंडर के हॉकी स्टिक से डिफ्लेक्ट होकर गोलपोस्ट में चली गई। इस तरह पाकिस्तानी खिलाड़ी की गलती पर टीम इंडिया ने बढ़त हासिल की। दूसरा क्वार्टर : हाफ टाइम तक भारतीय टीम ने पाकिस्तान पर 1-0 की बढ़त बनाई हुई थी। दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों की ओर से जोरदार मुकाबला देखने को मिला। हालांकि, कोई भी टीम गोल करने में नाकाम रही। 16वें मिनट में पाकिस्तान ने गोल करने का मौका गंवा दिया। भारतीय गोलकीपर सूरज करकेरा ने शानदार सेव किया। 21वें मिनट में भारतीय टीम को पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन टीम इसे भुना नहीं सकी। 28वें मिनट में पाकिस्तान को भी एक पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन भारतीय गोलकीपर सूरज ने सेव कर पाकिस्तान को गोल के लिए तरसा दिया। तीसरे क्वार्टर में भी कोई गोल नहीं तीसरा क्वार्टर : भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ी कोई गोल नहीं कर सके। तीसरे क्वार्टर में 31वें मिनट में ही पाकिस्तान की टीम को एक पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन रिजवान अली के ड्रैग फ्लिक को भारतीय खिलाड़ियों ने रोक लिया। 37वें मिनट में टीम इंडिया को एक बेहतरीन मौका मिला। तब पवन राजभर ने शानदार टॉमहॉक शॉट से गोल करने की कोशिश की, लेकिन पाकिस्तानी गोलकीपर ने उस शॉट को रोक लिया। 42वें मिनट में पाकिस्तान के एजाज अहमद ने बॉक्स के अंदर से काउंटर अटैक पर गोल करने की कोशिश की, लेकिन वह मौका चूक गए। 44वें मिनट में भारतीय टीम को आठवां पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन टीम इंडिया इसे भी नहीं भुना सकी। भारतीय टीम ने सिर्फ एक पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किया। चौथा क्वार्टर : चौथे क्वार्टर में पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने काउंटर अटैक शुरू किया। 46वें मिनट में भारतीय गोलकीपर सूरज करकेरा ने अम्माद बट के शॉट को शानदार तरीके से रोका। 59वें मिनट में पाकिस्तान को पेनल्टी कॉर्नर मिला। पाकिस्तान के ड्रैग फ्लिक पर गोलपोस्ट के पास खड़े अब्दुल राणा ने गोल दाग स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इस तरह टीम इंडिया जीत से चूक गई। इस टूर्नामेंट में भारत की दूसरी श्रेणी की टीम अपने खिताब का बचाव करने उतरी है। भारतीय टीम की अगुआई अनुभवी डिफेंडर बीरेंद्र लाकड़ा कर रहे हैं, जबकि स्ट्राइकर एसवी सुनील उपकप्तान हैं। वहीं, पाकिस्तान ने भी टूर्नामेंट में कुछ नए चेहरों को उतारा है। टूर्नामेंट में बेंच स्ट्रेंथ आजमाना चाहेगी टीम इंडिया : टीम इंडिया के पास इस टूर्नामेंट में अपने बेंच स्ट्रेंथ को आजमाने का मौका है, क्योंकि इसके बाद टीम को राष्ट्रमंडल खेल और एफआईएच विश्व कप में हिस्सा लेना है। भारतीय टीम विश्व कप के लिए पहले ही क्वालिफाई कर चुकी है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse