टीम एबीएन, कोडरमा। दानापुर रेल मंडल के बड़हिया स्टेशन पर चल रहे धरना प्रदर्शन को लेकर कई टे्रनों के रुट में बदलाव किया गया है। मार्ग परिवर्तन कर चलने वाली ट्रेनों में 18621 पटना-हटिया एक्सप्रेस यात्रा प्रारंभ 23 मई को भाया पटना-गया-नेसुचबो गोमो-राजाबेरा होकर,15028 गोरखपुर-हटिया एक्सप्रेस यात्रा प्रारंभ 23 मई को भाया मोकामा-पटना-गया-नेसुचबो गोमो-राजाबेरा होकर चलेगी। मालूम हो कि बिहार के बड़हिया स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव शुरू न होने से नाराज लोग सैकड़ों की संख्या में रेलवे ट्रैक पर बैठ गए। सोमवार की सुबह धनबाद से खुलने वाली धनबाद-पटना इंटरसिटी रद रही। पटना से धनबाद आनेवाली इंटरसिटी भी सोमवार को नहीं चली। वहीं रविवार को अप और डाउन में चलने वाली यात्री ट्रेनें बुरी तरह प्रभावित हो गईं। दिनभर इस रूट पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा। आंदोलनकारियों के रेलवे ट्रैक से न हटने के कारण रेलवे को दर्जनों ट्रेनें रद करनी पड़ी और लगभग चार दर्जन लंबी दूरी की ट्रेनों के मार्ग बदलने पड़े। हावड़ा से जसीडीह-पटना रूट से चलने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को धनबाद होकर चलाया गया। देर रात तक आंदोलन जारी रहने की वजह से धनबाद होकर चलने वाली जयनगर-राउरकेला एक्सप्रेस रद कर दी गई। रविवार को जयनगर से रद होने के कारण मंगलवार को राउरकेला से चलने वाली ट्रेन के भी रद होने की संभावना है। पटना से हटिया जानेवाली पाटलिपुत्र एक्सप्रेस को भी देर रात रद कर दिया गया। गर्मी की छुट्टियां और मैरीज सीजन के कारण ट्रेनें पहले से ही खचाखच हैं। कंफर्म सीट मिलना मुश्किल है। यात्रियों ने महीनों पहले आरक्षण कराया है। अब एकाएक ट्रेनें रद होने और उनके मार्ग बदलने से हजारों यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सबसे बड़ी परेशानी यह है कि अब अगली तिथि के लिए कंफर्म सीट नहीं मिल सकेगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse