झारखंड : झामुमो-भाजपा में आरोप-प्रत्यारोप के बीच विरोध प्रदर्शन तेज

 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में कथित भ्रष्टाचार को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला रविवार को सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शनों के साथ ही तेज हो गया। झामुमो कार्यकर्ताओं ने भाजपा की प्रदेश इकाई के मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए दावा किया कि भाजपा मुख्यमंत्री हेमत सोरेन की छवि धूमिल करने के लिये हर मुमकिन प्रयास कर रही है। इस बीच, भाजपा ने राज्य में भ्रष्टाचार को रोकने में सरकार की कथित अक्षमता के विरोध में सत्तारूढ़ झामुमो-कांग्रेस सरकार की एक सांकेतिक अंतिम संस्कार यात्रा निकाली। दरअसल, एक दिन पहले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने झारखंड के खूंटी जिले में मनरेगा कोष के कथित गबन मामले में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान चार्टर्ड अकाउंटेंट सुमन कुमार को हिरासत में लिया था, जिसके द्वारा आरोप लगाए जाने के बाद झामुमो कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कुमार के अलावा राज्य की खनन सचिव पूजा सिंघल और अन्य के ठिकानों पर भी छापेमारी की गई। झामुमो के प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने यहां पत्रकारों से कहा, आरोपी (कुमार) खुलेआम मीडिया में कह रहा है कि उसके परिसरों से कथित रूप से बड़ी मात्रा में नकदी मिलने के मामले में उस पर मुख्यमंत्री का नाम लेने का दबाव बनाया जा रहा है। हम कहते रहे हैं कि भाजपा केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा मुख्यमंत्री की छवि धूमिल करने के लिये हर मुमकिन प्रयास कर रही है। झामुमो कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि सत्तारूढ़ दल बौखलाहट में ऐसा कर रहा है। दिन में भाजपा ने हेमंत सोरेन नीत सरकार का सांकेतिक अंतिम संस्कार जुलूस निकाला और उसका पुतला फूंका। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने राज्य की राजधानी के हरमू चौक से अरगोड़ा चौक क्षेत्र तक जुलूस का नेतृत्व किया। इस दौरान प्रकाश ने दावा किया कि हेमंत सोरेन के शासन में भ्रष्टाचार अपने चरम पर पहुंच गया है। खदानों और खनिजों को लूटा जा रहा है और भ्रष्ट अधिकारियों को सरकारी संरक्षण मिल रहा है। भाजपा इस सामाजिक बुराई के खिलाफ लड़ेगी। भाजपा नेता ने नैतिक आधार पर मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि झामुमो-कांग्रेस सरकार लोगों की भावनाओं के साथ खेल रही है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse