बोकारो : ज्वेलरी दुकान लूट कर भाग रहे दो अपराधी धनबाद में गहने के साथ दबोचे गये

 

टीम एबीएन, रांची। बोकारो के सेक्टर 4 सिटी सेंटर स्थित गणपति ज्वेलर्स में रविवार को दिनदहाड़े अपराधी घुस आए और हथियार के बल पर न सिर्फ लूट की वारदात को अंजाम दिया, बल्कि दो राउंड फायरिंग करते हुए आसानी से भाग निकले। बोकारो पुलिस ने धनबाद की मधुबन थाना पुलिस के सहयोग से वारदात को अंजाम देने वाले दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार लुटेरों के पास से लूटे गए जेवरात भी बरामद कर लिये गये हैं। अन्य दो अपराधियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। लूट की पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। वारदात दिन के करीब तीन बजे की है, सिटी सेंटर सेक्टर 4 स्थित हर्षवर्धन प्लाजा में संचालित गणपति ज्वेलर्स की कर्मी कोमल सिंह ने बताया कि लंच आवर में अपराधी दुकान में घुसे। उस समय सिर्फ दो ही स्टाफ अंदर थे। दो बाइक पर 4 लोग सवार होकर आए थे, जिनमें से तीन दुकान के अंदर दाखिल हुए, जबकि एक बाहर ही खड़ा रहा। कोमल ने बताया कि दुकान के अंदर घुसे अपराधियों में से एक ने रिंग दिखाने को कहा। जिस पर उनलोगों ने लंच करने की बात कह थोड़ा रुकने के लिए आग्रह किया। इसके तुरंत बाद ही अपराधी हमलावर हो गए और काउंटर के अंदर घुसकर कर्मी का कॉलर पकड़ लिया। इसके बाद उसे पिस्टल की नोक पर लेकर चुप रहने की धमकी दी। कहा कि शोर मचाया तो गोली मार देंगे। फिर एक-एक करके सारे आभूषण और काउंटर से 70 से 75 हजार नकदी अपराधियों ने समेट ली। हालांकि लॉकर में रखे सामान अपराधी नहीं ले जा सके। कोमल सिंह ने कहा कि लॉकर की चाबी मालिक के पास ही होती है, इसलिए उसके अंदर में रखे गहने सुरक्षित बच गये। इस दौरान को अपराधियों ने कहा कि हम आधी माल लेने आए हैं। आधी छोड़कर जाएंगे। बाद में अपराधी फायरिंग करते हुए भाग निकले। घटना के तुरंत बाद बोकारो एसपी चंदन कुमार झा ने धनबाद पुलिस की सूचना दी। जिसके बाद धनबाद की मधुबन थाना पुलिस ने दो अपराधियों को लूटे गए जेवरात के साथ धर दबोचा।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse