आईपीएल : चेन्नई के 7वें मैच में 7 नंबर की जर्सी वाले ने मुंबई को दिलाई 7वीं हार

 

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल 2022 का रोमांच अपने पूरे शबाब पर है, खेलप्रेमी जमकर इसका लुत्फ उठा रहे हैं तो वहीं ये रोमांच गुरुवार को उस वक्त चरम पर पहुंच गया जब मुंबई इंडियंस बनाम चेन्नई सुपर किंग्स के बीच सांस रोक देने वाला मैच चल रहा था। मैच की अंतिम गेंद पर विजयी चौका जड़कर महेंद्र सिंह धोनी ने जिस तरह से अपनी टीम को जीत दिलाई वो अपने आप में काफी खास थी। अपने विजयी चौके से धोनी ने फिर से साबित कर दिया कि उनके जैसा मैच फिनिशर न कोई था, न है और न ही होगा। इस मैच के साथ ही मुंबई इस सीजन में अपना 7वां मैच हार गई। आईपीएल की सशक्त टीमों से एक मानी जाने वाली मुंबई की टीम ने इस सीजन में अभी तक बेहद ही शर्मनाक प्रदर्शन किया है।टीम पूरी तरह से लय से बाहर है। रोमांच से भरे इस मैच के साथ कई सुखद इत्तफाक जुड़े हैं। दरअसल, कल के मैच के असल हीरो महेंद्र सिंह धोनी रहे हैं, जिनके लकी सात नंबर ने इस बार जमकर कमाल किया है। आपको बता दें कि धोनी 7 नंबर की जर्सी पहनते हैं, कल उनकी टीम चेन्नई इस सीजन का 7वां मैच खेल रही थी और वहीं मुंबई की इस सीजन में ये 7वीं हार है। कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि गुरुवार को धोनी ने 7 नंबर की जर्सी पहनकर CSK को सातवें मैच में जीत दिला दी। मालूम हो कि कल के मुकाबले में सीएसके ने मुंबई इंडियस को 3 विकेट से हराया। मैच में पहले खेलते हुए कप्तान रोहित शर्मा की टीम ने 7 विकेट पर 155 रन बनाए थे, जिसके जवाब में सीएसके ने भी खराब शुरुआत की लेकिन धोनी की सूझबूझ के चलते उसने अंतिम गेंद पर जीत हासिल कर ली। धोनी ने जयदेव उनादकट की गेंद पर चौका लगाकर चेन्नई को विजयी बना दिया। धोनी ने मैच में 13 गेंद पर 28 रन बनाए, जिनमें 3 चौका और एक छक्का शामिल है, वो नाबाद रहे। हालांकि CSK कल का मैच जीत गई है लेकिन उसका प्रदर्शन अभी तक सीजन में अच्छा नहीं रहा है। वो 7 में सिर्फ 2 ही मैच जीत सकी है और अंकतालिका में वो 9वें नंबर पर है, तो वहीं लगातार 7 हार के बाद मुंबई का भी प्लेऑफ में खेलना मुश्किल लग रहा है। चेन्नई टीम का अगला मुकाबला 25 अप्रैल को वानखेड़े स्टेडियम में पंजाब किंग्स के साथ होगा।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse