टीम एबीएन, रांची। अभिनेत्री राखी सावंत और विवादों का पुराना नाता रहा है। इस बार फिर राखी सावंत विवाद की वजह से मुश्किल में फंसती नजर आ रहीं हैं। उनके खिलाफ राजधानी रांची के एससी-एसटी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। यह शिकायत केंद्रीय सरना समिति ने दर्ज कराई है। केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की का कहना है कि राखी सावंत का वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें उन्होंने जो पोशाक पहने हैं उसे आदिवासी लुक बताया जा रहा है, यह आदिवासियों का अपमान करता है। आदिवासी समाज के लोग इस तरह के कपड़े नहीं पहनते हैं। राखी सावंत के कारण आदिवासी समाज की बदनामी हुई है। शिकायत में कहा गया है कि उन्होंने जो कपड़ा पहना है वह बेली डांस में पहना जाने वाला कपड़ा है। राखी सावंत ने जिस तरीके से वीडियो में हरकत की है वह पूरे आदिवासी समाज को आहत करता है। आदिवासियों की संस्कृति और वेशभूषा अलग है। केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की का कहना है कि आदिवासी समाज राखी सावंत पर कार्रवाई की मांग करता है। साथ ही राखी सावंत का बहिष्कार करने का ऐलान करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे तमाम लोग जो आदिवासियों का आदर नहीं करते हैं, उनका भी आदिवासी समाज एकजुट होकर विरोध करेगा। उन्होंने कहा कि आज एसटीएससी थाने में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। जल्द ही आदिवासी समाज से आने वाले केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा को ज्ञापन दिया जाएगा। इसके साथ ही बॉलीवुड से जुड़े लोगों को भी इसको लेकर ज्ञापन दिया जाएगा। वहीं अजय तिर्की ने कहा कि जब तक राखी सावंत आदिवासी समाज से माफी नहीं मांगती हैं, तब तक झारखंड में किसी भी प्रकार के उनके फंक्शन पर रोक लगी रहेगी। साथ ही आदिवासी समाज गिरफ्तारी की मांग करता रहेगा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse