टीम एबीएन, रांची। राजधानी के बुंडू इलाके में बालू ढुलाई को लेकर बालू गाड़ी मालिकों का गुस्सा सामने आया है। गुस्साए मालिकों ने मंगलवार (29 मार्च ) को सोनाहातू से बालू लादकर रांची जा रहे दो डंपरों को बुंडू टोल प्लाजा पर रोक दिया। बालू गाड़ी मालिकों ने डंपरों पर अवैध बालू ढुलाई का आरोप लगाते हुए कहा कि जब क्षेत्र में बालू का उठाव और परिचालन सरकारी आदेश से बंद है तो ये दोनों डंफर रांची कैसे जा रहे हैं। गाड़ी मालिकों ने प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाया। बिना चालान के हो रही थी ढुलाई, टोल प्लाजा पर हंगामा : डंपर को रोककर बालू गाड़ी मालिकों ने जमकर हंगामा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वे जब भी बालू लादकर रांची जाते हैं तो उनकी गाड़ियों को जब्त कर लिया जाता है। जबकि बालू लाद रांची जा रहे डंपरों के चालकों का कहना था कि बालू सरकारी कार्य के लिए रांची जा रहा है और उन्हें झारखंड उच्च न्यायालय के असिस्टेंट रजिस्टार सह कोर्ट ऑफिसर का आदेश प्राप्त है। बालू गाड़ियों के वाहन चालक तर्क दे रहे थे कि डंपर के पास बालू का चालान नहीं है। इसे बालू के परिचालन की अनुमति मिलती है तो उन्हें भी बालू के परिचालन की अनुमति मिलनी चाहिए। हंगामे के बीच ही स्थानीय विधायक विकास सिंह मुंडा भी बुंडू टोल प्लाजा पहुंचे। मामले को समझने के बाद उन्होंने प्रशासनिक पदाधिकारियों को दोनों वाहनों को जब्त कर जांच कर उचित कार्रवाई का निर्देश दिया। विधायक के निर्देश पर बुंडू सीओ और बुंडू थाना प्रभारी ने वाहनों को जब्त कर बुंडू थाने ले आए। बुंडू सीओ राजेश डुंगडुंग ने बताया कि दोनों डंपरों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse