एबीएन सेंट्रल डेस्क। ओला ई- स्कूटर में आग की घटना को सरकार ने काफी गंभीरता से लिया है। दरअसल, इस तरह की घटना सरकार की ई-व्हीकल को बढ़ावा देकर पेट्रोल और डीजल पर निर्भरता घटाने की योजना में काफी देरी ला सकती है। इसी वजह से सरकार ने इस घटना के कारणों का पता लगा कर इन पर रोकथाम लगाने के लिये कदम सुझाने के लिये जांच के निर्देश दे दिये हैं। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने सेंटर फॉर फायर एक्सप्लोसिव एंड एनवायरमेंट सेफ्टी यानि सीएफईईएस को जांच के निर्देश दिये हैं। सीएफईईएस डीआरडीओ के अंतर्गत काम करने वाली एक अहम लैब है। सरकार ने आग के कारणों की मांगी जानकारी : मंत्रालय के अनुसार सीएफईईएस को उन कारणों की जानकारी देने को कहा गया है जिससे ई-स्कूटर में आग लगी। वहीं ऐसे सभी उपाय भी सुझाने को कहा है जिससे आगे इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। इससे पहले शनिवार को ओला इलेक्ट्रिक ने भी ऐलान किया था कि उसने भी इस घटना की जांच शुरू कर दी है और ऐसी घटनाओं पर रोक के लिये सभी जरूरी कदम उठाए हैं। हाल ही में सोशल मीडिया में ओला स्कूटर में आग का एक वीडियो वायरल हो गया था, जिसके बाद स्कूटर की सुरक्षा को लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे हैं। इस घटना पर ओला के को-फाउंडर और सीईओ भावेश अग्रवाल ने कहा था कि सुरक्षा उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है और हम घटना की जांच कर रहे हैं और इस ठीक करेंगे। वहीं सेंटर फॉर फायर एक्सप्लोसिव एंड एनवायरमेंट सेफ्टी डीआरडीओ लैब्स के सिस्टम एनालिसिस एंड मॉडलिंग क्लस्टर का हिस्सा है। पुणे में हुआ था हादसा : ओला स्कूटर में आग लगने का ये मामला पुणे का है और हाल ही में हुआ है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया है। मीडिया में आई खबरो के अनुसार आग ओला एस1 प्रो इलेक्ट्रिक स्कूटर में लगी थी। खबर के मुताबिक पहले स्कूटर में आग लगी फिर उसके बाद बैटरी में धमाका हुआ। सोशल मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार ये स्कूटर तेज गर्मी का असर नहीं झेल सका। घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। लॉन्च के बाद से ही ओला के स्कूटरों को ग्राहकों ने हाथों हाथ लिया था और इसे अब तक रिकॉर्ड बुकिंग भी मिली थी। पहले स्कूटर की डिलीवरी में देरी से कंपनी को ग्राहकों की आलोचना झेलनी पड़ी थी। वहीं डिलीवरी के बाद कुछ ग्राहकों ने स्कूटर की क्वालिटी को लेकर भी शिकायत की थी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse