गुमला उपायुक्त ने औचक निरीक्षण कर दिये जरूरी दिशा-निर्देश

 

टीम एबीएन, गुमला। उपायुक्त गुमला सुशांत गौरव ने आज करमटोली स्थित पुराने पुलिस लाइन, जिला समादेष्टा कार्यालय, प्रखंड संसाधन केंद्र, आरईओ कार्यालय परिसर, वन तालाब, बिरसा मुंडा एग्रो पार्क भाग 02, पटेल चौक बस पड़ाव, पुलिस लाइन चंदाली का औचक निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने करमटोली स्थित पुराने पुलिस लाइन में होमगार्ड के जवानों के लिए बैरक की व्यवस्था बहाल करने के उद्देश्य से पुराने जर्जर बैरक भवनों का अवलोकन किया। उपायुक्त ने जर्जर संरचनाओं का जीर्णोद्धार कर पुन: क्रियाशील बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने सहायक अभियंता जिला परिषद को बैरक निर्माण के साथ-साथ पूरे परिसर के चारों ओर चहार दीवारी निर्माण एवं फेंसिंग कराने हेतु प्राक्कलन समर्पित करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने सहायक अभियंता भवन निर्माण प्रमंडल को भवनों की गुणवत्ता जांच करने वाले उपकरणों का क्रय कर जर्जर पड़े भवनों की गुणवत्ता की जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने सहायक अभियंता को सभी संरचनाओं की मार्किंग करते हुए उन्हें जर्जर घोषित कर प्रतिवेदन आज शाम तक समर्पित करने का निर्देश दिया। जिला समादेष्टा कार्यालय के निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने कार्यालय में प्रवेश द्वार अधिष्ठापन, होमगार्ड के जवानों के रहने के लिए हॉल निर्माण, सुरक्षा के दृष्टिकोण से कंटीली फेंसिंग लगवाने का निर्देश सहायक अभियंता जिला परिषद को दिया। साथ ही गार्ड रूम का अवलोकन कर इसकी मरम्मती कराने का भी निर्देश दिया। उपायुक्त ने पूरे 05 एकड़ की भूमि की उपलब्धता के विषय में विस्तृत प्रतिवेदन समर्पित करते हुए उक्त भूमि पर अवस्थित सभी अनुकूलतम संरचनाओं की मैपिंग कर उनसे संबंधित प्लान उपलब्ध कराने का निर्देश सदर अंचल अधिकारी को दिया। वन विभाग परिसर में अवस्थित जर्जर भवनों के विषय में उपायुक्त ने वन प्रमंडल पदाधिकारी के माध्यम से जर्जर भवनों की मार्किंग सुनिश्चित करते हुए पूरी तरह से जर्जर भवनों को तोड़ने का निर्देश दिया। प्रखंड संसाधन केंद्र के निरीक्षण के क्रम में केंद्र जर्जर अवस्था में पाया गया। उपायुक्त ने उक्त भवन को दूसरे अन्य भवन में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने आरईओ कार्यालय परिसर स्थित तालाबंद जर्जर गोदाम को तोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्यपालक अभियंता को भी पुराने संरचनाओं का प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया तथा नए कार्यालय भवन हेतु प्रस्ताव भी समर्पित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने सदर अंचल अधिकारी को सभी पुरानी संरचनाओं की मैपिंग कर जर्जर घोषित करने का निर्देश दिया। वन तालाब के निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से चहारदीवारी निर्माण का प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश सहायक अभियंता भवन प्रमंडल को दिया। साथ ही आमजनों के लिए एक छोर पर प्रवेश द्वार भी निर्मित करने का निर्देश दिया। बिरसा मुण्डा एग्रो पार्क भाग 02 के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने भाग 01 को जिला परिषद तथा भाग 02 को नगर परिषद को आवंटित करने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने भाग 02 में नगर परिषद द्वारा निमार्णाधीन गार्डवाल तथा ग्रीन जोन का भी मुआयना किया। पटेल चौक स्थित बस पड़ाव के निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे लगाए जाने वाले शराब-हड़िया की दुकानों को बंद करवाते हुए सदर अनुमंडल दंडाधिकारी को समय-समय पर बस स्टैण्ड का निरीक्षण कर उक्त बिक्रेताओं पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने सदर अंचल अधिकारी को सुबह शाम दो बार स्वयं बस पड़ाव का निरीक्षण कर वहाँ नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने तथा अतिक्रमण को भी हटवाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने मद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने हेतु चौकीदारों की भी प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पुलिस लाइन चंदाली स्थित पूर्व में निर्मित सीआरपीएफ बैरक भवन एवं शौचालय की मरम्मती हेतु प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश सहायक अभियंता जिला परिषद को दिया। साथ ही पुलिस लाइन स्थित पुराने जर्जर कार्यालय भवनों को जर्जर घोषित करते हुए उन्हें तोड़ने का निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त सुशांत गौरव, उप विकास आयुक्त हेमंत सती, सदर अनुमंडल पदाधिकारी सह अनुमंडल दंडाधिकारी रवि आनंद, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्राण रंजन, सदर अंचल अधिकारी कुशलमय केनेथ मुण्डू, कार्यपालक अभियंता भवन निर्माण प्रमंडल, सहायक अभियंता जिला परिषद ए.रहमान सहित अन्य उपस्थित थे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse