एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। स्विस ओपन महिला एकल का खिताब जीतने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीवी सिंधु को बधाई दी। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, आपकी उपलब्धियां भारत के युवाओं को प्रेरित करती हैं। आपको भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं। बता दें कि दो बार की ओलिंपिक पदक विजेता सिंधु ने चौथी वरीयता प्राप्त थाईलैंड की खिलाड़ी बुसानन ओंगबामरंगफान को 49 मिनट तक चले मुकाबले में 21-16, 21-8 से हरा दिया। इस सीजन में यह उनका दूसरा महिला एकल खिताब है। बुसानन के खिलाफ 17 मैचों में यह सिंधु की 16वीं जीत है। वह उनसे सिर्फ एक बार 2019 हांगकांग ओपन में हारी है। सिंधु पिछले सत्र के फाइनल में रियो ओलंपिक की स्वर्ण पदक विजेता स्पेन की कैरोलिना मारिन से हार गई थीं। हैदराबाद की 26 वर्षीय खिलाड़ी की इस स्थल से हालांकि सुखद यादें जुड़ी है। उन्होंने 2019 में विश्व चैंपियनशिप में यहां स्वर्ण पदक जीता था। मैच में सिंधु की आक्रामक शुरुआत : सिंधु ने इस मैच में आक्रामक शुरुआत की और 3-0 की बढ़त बना ली। बुसानन ने हालांकि वापसी करनी शुरू की और स्कोर को 7-7 से बराबर कर लिया। बुसनान सिंधु को नेट से दूर रखने की कोशिश कर रही थी लेकिन अपने शॉट को ठीक से खत्म नहीं कर पा रही थी। ब्रेक के समय सिंधु के पास दो अंकों की बढ़त थी। बैकलाइन के पास शानदार शॉट से सिंधू को चार गेम प्वाइंट मिले और उसने इसे भुनाने में देर नहीं की। दूसरे गेम में बुसनान सिंधू को टक्कर देने में नाकाम रही। सिंधु ने 5-0 की बढ़त हासिल करने के बाद इसे 18-4 किया और फिर आसानी से मैच जीत लिया। बता दें कि सिंधु ने इस साल जनवरी में लखनऊ में सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय सुपर 300 जीता था।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse