टीम एबीएन, गिरिडीह। जिला के देवरी थाना क्षेत्र में पचीस वर्षीय महिला अपने दो बच्चों को साथ लेकर कुएं में कूद गई। इस घटना में महिला को मामूली चोट आयी है लेकिन उसके दोनों बच्चों की मौत हो गयी। सूचना पाकर पुलिस ने बच्चों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पूरे मामले की जांच में जुट गई। घटना देवरी थाना क्षेत्र के देवरी गांव की है। इस हादसे के पीछे की वजह पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक देवरी गांव निवासी प्रमोद यादव की पत्नी ममता देवी अपने दो साल के बेटे चीकू कुमार और पांच साल की बेटी सुहानी कुमारी को साथ लेकर घर से बाहर निकली और बच्चों के साथ आत्महत्या करने की नीयत से सिंचाई कूप में छलांग लगा दी। महिला के बच्चों को साथ लेकर घर से निकलने की जानकारी होते ही परिजन खोजबीन करने घर से निकले। खोजबीन के दौरान पता चला कि ममता देवी बच्चों को साथ लेकर खेत में बने सिंचाई कूप में कूद गयी है। जिसके बाद गांव के लोगों ने मिलकर महिला और उसके बच्चों को बाहर निकाला। उसके बाद उन्हें देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां पर चिकित्सक ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर एसआई अजय सोय के नेतृत्व में देवरी पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने दोनो बच्चों की शव को जब्त कर लिया। फिर, पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया। देवरी थाना प्रभारी संतोष कुमार मंडल ने बताया कि महिला के बच्चों को लेकर कुंआ में कूद जाने की घटना में दो बच्चों की मौत हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse