एबीएन सेंट्रल डेस्क। रूस-यूक्रेन के बीच जारी जंग का आज 13वां दिन है। इससे एक दिन पहले यानि सोमवार को दोनों देशों के बीच हुई वार्ता में कोई सहमति नहीं बन पाई। लिहाजा, वार्ता बेनतीजा रही। इस बीच यूक्रेन की ओर से दावा किया गया है कि, रूस के आक्रमण की वजह से यूक्रेन के ट्रांसपोर्टेशन को करीब 10 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है। वहीं यूक्रेन ने दावा किया है कि उन्होंने खारकीव में एक रूसी मेजर जनरल को मार गिराया है। खारकीव में परमाणु ऊर्जा केंद्र पर हुई गोलीबारी : इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी का कहना है कि रूस की ओर से गोलीबारी में यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में परमाणु ऊर्जा केंद्र को नुकसान पहुंचने की खबर है। हालांकि, अभी तक किसी भी प्रकार के रेडिएशन की सूचना नहीं है। खारकीव में मारा गया रूसी जनरल- यू्क्रेन : 13वें दिन की जंग के बीच यूक्रेन की ओर से बड़ा दावा किया गया है। यूक्रेनी सेना के खुफिया विभाग का कहना है कि खारकीव में उसने रूसी जनरल को मार गिराया है। इसकी पहचान मेजर जनरल विटैली गेरासिमोव के रूप में हुई है। अधिकारियों का कहना है कि इस मेजर जनरल ने रूस की ओर से क्रीमिया, चेचन और सीरिया की लड़ाई में भाग लिया था। हालांकि, रूस की ओर से अभी तक इस पर कोई टिप्पणी नहीं की गई है। यूक्रेन के ट्रांसपोर्टेशन को 10 अरब डॉलर का नुकसान : रूस-यूक्रेन के बीच जारी जंग में दोनों देशों को भारी नुकसान हो रहा है। इस बीच यूक्रेन की ओर से दावा किया गया है कि उसे ट्रांसपोर्टेशन में अब तक करीब 10 अरब डॉलर का नुकसान हो चुका है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse